Last Updated:
Kitchen Sponges Cause Deadly Disease: रोजाना जिस स्पंज से आप खाने के बर्तनों को साफ करते हैं, वो आपके शरीर में जानलेवा बीमारी को पहुंचाने का जरिया बन सकता है. ऐसे में जरूरी है कि सेहत के लिए इसकी सफाई और एक्सपायरी डेट से जुड़ी बातों को यहां जानें.
रसोई की साफ-सफाई एक हेल्दी लाइफ के लिए बेहद जरूरी है. आमतौर पर हम किचन प्लेटफॉर्म, गैस चूल्हा, बर्तन, सब्जियां और चिमनी जैसी चीजों को साफ रखने पर ध्यान देते हैं, लेकिन कुछ छोटी चीजें अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं. इसमें सबसे पहले नंबर पर आता है- किचन स्पंज और ब्रश. इसका इस्तेमाल रसोई के बर्तनों को चमकाने के लिए रोज किया जाता है, लेकिन अक्सर इसकी सफाई के तरफ किसी का ध्यान नहीं जाता है. जबकि इसमें जमा गंदगी आपके लिए जानलेवा भी साबित हो सकती है. इसके पीछे का कारण और बचाव के तरीके को चलिए आगे इस लेख में जानते हैं.
स्पंज और ब्रश बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर
किचन में इस्तेमाल होने वाले स्पंज और स्क्रबर में सबसे ज्यादा बैक्टीरिया पाए जाते हैं. कई बार इनमें टॉयलेट सीट से भी ज्यादा गंदगी हो सकती है. इसका कारण है कि हम इन्हें लंबे समय तक बदलते नहीं हैं और ये अक्सर गीले रहते हैं. गीलेपन के कारण इनमें ई.कोलाई और अन्य हानिकारक बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, जो पेट और त्वचा से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकते हैं.
एक अध्ययन में पाया गया कि किचन स्पंज में कई तरह के खतरनाक बैक्टीरिया मौजूद होते हैं. इनमें ई.कोलाई और स्टैफिलोकोकस ऑरियस जैसे बैक्टीरिया भी शामिल हैं, जो फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं. ये बैक्टीरिया स्पंज के जरिए बर्तनों और किचन की अन्य सतहों पर फैल जाते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है.
गीला रखना क्यों है नुकसानदायक
भारत में कई लोग स्पंज को डिशवॉश लिक्विड में भिगोकर रखते हैं ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी से इस्तेमाल किया जा सके. लेकिन यह आदत नुकसानदायक हो सकती है. गीले स्पंज और ब्रश में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और बर्तनों या सतहों पर फैल जाते हैं. साथ ही, एक ही स्पंज का इस्तेमाल बर्तनों और प्लेटफॉर्म दोनों के लिए करना भी संक्रमण को बढ़ावा देता है.
कितनी बार बदलें स्पंज और ब्रश
किचन स्पंज और ब्रश को समय-समय पर बदलना बहुत जरूरी है. स्पंज को हर 1–2 हफ्ते में बदल देना चाहिए. वहीं, ब्रश को 1–2 महीने के भीतर बदल लेना बेहतर होता है.
साफ रखने के आसान तरीके
हर इस्तेमाल के बाद स्पंज और ब्रश को अच्छी तरह धोएं. गर्म पानी और साबुन से रोजाना साफ करें. इन्हें धूप में सुखाएं ताकि नमी खत्म हो जाए. हमेशा सूखी जगह पर रखें. स्पंज को एक मिनट के लिए माइक्रोवेव में रख सकते हैं या डिशवॉशर में साफ कर सकते हैं. बर्तनों और किचन प्लेटफॉर्म के लिए अलग-अलग स्पंज रखें. स्पंज का कम उपयोग करना, समय-समय पर बदलना और इस्तेमाल से पहले व बाद में हाथ धोना संक्रमण के खतरे को कम कर सकता है.
About the Author

शारदा सिंह बतौर सीनियर सब एडिटर News18 Hindi से जुड़ी हैं. वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्यू पर आधारित रिपोर्ट्स बनाने में एक्सपर्ट हैं. शारदा पिछले 5 सालों से मीडिया …और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.





