Last Updated:
Tips To Improve Fertility: मां बनने की संभावना सिर्फ उम्र बढ़ने के कारण ही कम नहीं होती बल्कि कई लाइफस्टाइल की आदतें भी फर्टीलिटी को नकारात्मक रूप से प्रभावित करती है.
आज की तेज और भागदौड़ भरी जिंदगी का असर सिर्फ शरीर की सेहत पर ही नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रजनन क्षमता यानी मां बनने की क्षमता पर भी पड़ रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, अगर कोई महिला भविष्य में मां बनना चाहती है, तो उसके शरीर में मौजूद एग्स का स्वस्थ होना बहुत जरूरी होता है. यही एग्स गर्भधारण की प्रक्रिया में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं. अगर इनकी क्वालिटी अच्छी होती है, तो प्रेग्नेंसी की संभावना भी बेहतर रहती है.
इनफर्टिलिटी का कारण? महिलाओं के शरीर में ये एग्स जन्म से ही मौजूद होते हैं. उम्र बढ़ने के साथ-साथ इनकी संख्या और गुणवत्ता दोनों कम होने लगती हैं. लेकिन सिर्फ उम्र ही इसका कारण नहीं है. खराब खानपान, ज्यादा तनाव, धूम्रपान और नींद की कमी भी इन एग्स को कमजोर बना सकती है.
फर्टीलिटी को कैसे करें बूस्ट
सही और पौष्टिक आहार का सीधा असर महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर पड़ता है. रोजाना ताजे फल और हरी सब्जियां खाने से शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स मिलते हैं. ये पोषक तत्व शरीर की कोशिकाओं को मजबूत बनाने में मदद करते हैं, जिससे एग्स की सेहत भी बेहतर रहती है.
इसके अलावा शरीर को कुछ खास विटामिन्स और पोषक तत्वों की जरूरत होती है, जिनमें फोलिक एसिड बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है. डॉक्टर अक्सर गर्भधारण की तैयारी करने वाली महिलाओं को फोलिक एसिड लेने की सलाह देते हैं. यह शरीर को मजबूत बनाने और प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर करने में मदद करता है. यह दाल, चना, हरी पत्तेदार सब्जियों और अनाज में पाया जाता है.
ओमेगा-3 फैटी एसिड भी महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद होता है. यह शरीर के हार्मोन को संतुलित रखने में मदद करता है, जिससे एग्स बनने की प्रक्रिया बेहतर तरीके से काम करती है. यह पोषक तत्व अखरोट और अलसी के बीज में पाया जाता है.
नींद की गुणवत्ता भी एग्स की सेहत से जुड़ी होती है. अगर कोई महिला पर्याप्त नींद नहीं लेती या देर रात तक जागती रहती है, तो हार्मोन का संतुलन बिगड़ सकता है. इसलिए रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेना जरूरी माना जाता है.
तनाव भी फर्टिलिटी पर नकारात्मक असर डालता है. ज्यादा चिंता करने से शरीर में हार्मोन असंतुलित हो सकते हैं, जिससे मासिक धर्म और गर्भधारण पर असर पड़ता है. इसलिए मानसिक रूप से शांत रहना बहुत जरूरी है.
धूम्रपान और शराब का अधिक सेवन भी एग्स को नुकसान पहुंचा सकता है. ये आदतें भविष्य में मां बनने की संभावना को कम कर सकती हैं. इसलिए डॉक्टर ऐसी आदतों से दूर रहने की सलाह देते हैं.
About the Author

शारदा सिंह मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना सफर शुरू किया. उनके पास डिजिटल मीडिया और लाइफस्टाइल पत्रक…और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.





