Last Updated:
महिलाओं के लिए सोलो ट्रैवल लोकप्रिय हो रहा है. सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेघालय, केरल, ऋषिकेश, मैसूर, पुडुचेरी और गंगटोक बेहतरीन और सुरक्षित डेस्टिनेशन माने जाते हैं.
अकेले घूमना यानी सोलो ट्रैवल आजकल महिलाओं के बीच भी काफी लोकप्रिय हो रहा है. अपनी पसंद से जगह चुनना, बिना किसी रोक-टोक के घूमना और नए लोगों से मिलना इस तरह की यात्रा को खास बनाता है. हालांकि, जब बात महिलाओं के अकेले सफर करने की आती है, तो सबसे पहले सुरक्षा का सवाल मन में आता है. ऐसे में डेस्टिनेशन चुनते समय वहां की कनेक्टिविटी, रहने की सुविधाएं, स्थानीय माहौल और पर्यटकों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं को ध्यान में रखना जरूरी है. भारत में भी ऐसी कई जगहें हैं, जहां महिलाएं सही प्लानिंग के साथ अकेले घूमने का अनुभव ले सकती हैं.
अगर आपको पहाड़, झरने और हरियाली पसंद है, तो मेघालय की यात्रा कर सकती हैं. शिलॉन्ग, चेरापूंजी और डावकी यहां घूमने के लिए लोकप्रिय जगहें हैं. मेघालय की खास बात यहां की मातृवंशीय सामाजिक परंपरा भी है, जिसमें वंश और संपत्ति का हस्तांतरण महिलाओं के माध्यम से होता है. राज्य के पर्यटन विभाग ने भी महिला यात्रियों के लिए अलग ट्रैवल गाइड जारी की है. हालांकि, झरनों और दूरदराज के इलाकों में अकेले जाने के बजाय स्थानीय गाइड की मदद लेना बेहतर है.
केरल उन महिलाओं के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है, जो शांत वातावरण में छुट्टियां बिताना चाहती हैं. यहां मुन्नार के चाय बागान, एलेप्पी के बैकवॉटर और फोर्ट कोच्चि की गलियां घूमने लायक हैं. राज्य में पर्यटन सुविधाओं और परिवहन के कई विकल्प मौजूद हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अक्टूबर 2025 में केरल पर्यटन विभाग ने एक विदेशी महिला सोलो ट्रैवलर के अनुभव का भी जिक्र किया था, जिन्होंने केरल को अपनी भारत यात्रा का सबसे सम्मानजनक और सुरक्षित अनुभव बताया था.
अगर आप अकेले कुछ दिन खुद के साथ बिताना चाहती हैं, तो ऋषिकेश अच्छा विकल्प है. यहां योग और मेडिटेशन सेंटर, गंगा घाट, कैफे और एडवेंचर एक्टिविटीज के कई विकल्प मिलते हैं. लक्ष्मण झूला क्षेत्र और तपोवन घूमने के लिए लोकप्रिय हैं. यहां कई हॉस्टल और होमस्टे भी हैं, जहां दूसरे सोलो ट्रैवलर्स से मिलने का मौका मिल सकता है. रिवर राफ्टिंग या ट्रेकिंग जैसी गतिविधियों के लिए पंजीकृत ऑपरेटर चुनें.
कर्नाटक का मैसूर भी सोलो ट्रिप के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां मैसूर पैलेस, चामुंडी हिल्स और देवराज मार्केट जैसी जगहें देख सकती हैं. शहर में घूमने के लिए कैब और ऑटो के विकल्प मिलते हैं. ऐतिहासिक इमारतों, स्थानीय बाजारों और दक्षिण भारतीय खानपान में दिलचस्पी रखने वाली महिलाओं को यह जगह पसंद आ सकती है.
समुद्र किनारे घूमना पसंद है, तो पुडुचेरी जा सकती हैं. यहां की फ्रेंच कॉलोनियल इमारतें, रंगीन कैफे और शांत बीच पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. व्हाइट टाउन, प्रोमेनेड बीच और ऑरोविल घूमने के लिए अच्छे विकल्प हैं. यहां पैदल घूमने और साइकिल किराये पर लेकर शहर देखने का अनुभव भी खास हो सकता है. हालांकि, समुद्र किनारे सुनसान जगहों पर अकेले जाने से बचें.
सिक्किम की राजधानी गंगटोक भी सोलो ट्रैवल के लिए अच्छी पसंद हो सकती है. यहां एमजी मार्ग पर घूमना, स्थानीय बाजार देखना और हिमालय के खूबसूरत नजारों का आनंद लेना खास अनुभव है. इसके अलावा त्सोमगो झील और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर कर सकती हैं. दूर की जगहों पर जाने के लिए विश्वसनीय टैक्सी या रजिस्टर्ड टूर ऑपरेटर की मदद लें. मौसम और परमिट संबंधी नियमों की जानकारी पहले ही हासिल कर लें.




