Last Updated:
PM Modi JD Vance Talks: प्रधानमंत्री मोदी की यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले अमेरिकी सिनेट ने रूसी तेल खरीदने पर भारत समेत तमाम देशों पर 100 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाने का प्रस्ताव पास किया है. वेंस अमेरिकी संसद के इसी ऊपरी सदन सीनेट के चेयरमैन हैं.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शनिवार देर रात पीएम मोदी को कॉल किया.
भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक और अहम बातचीत हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार देर रात बताया कि उन्हें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का फोन कॉल आया, जिसमें उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को विभिन्न क्षेत्रों में और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की.
पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति वेंस के साथ हुई बातचीत की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि भारत और अमेरिका के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ. दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में पहले से ही व्यापक साझेदारी है और अब इसे नए क्षेत्रों तक ले जाने पर जोर दिया जा रहा है.
बेटे के जन्म पर JD वेंस को पीएम मोदी ने दी बधाई
इस बातचीत में भारत-अमेरिका संबंधों के साथ एक व्यक्तिगत और पारिवारिक पल भी खास रहा. प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को उनके बेटे के जन्म पर बधाई और पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं. पिछले ही महीने वेंस दंपति के चौथे बच्चे एलेक नील वेंस का जन्म हुआ था.
व्यापार और रक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा
वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति वेंस ने भारत-अमेरिका संबंधों में लगातार बनी उच्चस्तरीय बातचीत और संपर्क की गति पर संतोष जताया. दोनों नेताओं ने इस साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई.
फोन पर हुई बातचीत में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की समीक्षा की गई. इनमें व्यापार, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और क्रिटिकल मिनिरल्स प्रमुख रहे. इन रेअर अर्थ मिनिरल्स को लेकर दुनिया भर में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच भारत और अमेरिका के लिए यह क्षेत्र खास महत्व रखता है. वहीं नई और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग दोनों देशों की दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी का अहम हिस्सा बनता जा रहा है.
अमेरिकी सीनेट से 100% टैरिफ वाला बिल पास
पीएम मोदी और जेडी वेंस की बातचीत अमेरिकी सीनेट की तरफ से उस बिल के पारित होने के ठीक एक दिन बाद हुई है, जिसके तहत रूसी तेल खरीदने पर भारत समेत दूसरे देशों पर 100 प्रतिशत तक का टैरिफ लग सकता है.
वेंस अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट के चेयरमैन हैं और 100 प्रतिशत टैरिफ वाला बिल इसी सीनेट ने पारित किया है और अब ये बिल हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में जाएगा. हालांकि इस बिल पर दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत हुई या नहीं, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
About the Author

साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ें




