New York City Manhole Creepers : Manhole Creepers CCTV | न्यूयॉर्क सिटी गटर


न्यूयॉर्क: जरा सोचिए, आप आधी रात को किसी सुनसान सड़क से गुजर रहे हों और अचानक आपके सामने गटर का भारी-भरकम ढक्कन धीरे से खिसकने लगे. उसमें से एक-एक करके कई रहस्यमयी आदमी बाहर निकलें और चुपचाप अंधेरे में गायब हो जाएं! ये किसी हॉरर मूवी का सीन नहीं, बल्कि अमेरिका के सबसे चमकते शहर न्यूयॉर्क की खौफनाक हकीकत है. आधी रात के सन्नाटे में गटर के अंदर घुसते और पाताल की दुनिया से बाहर आते इन लोगों के कई सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं, जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं. सोशल मीडिया पर अब इन्हें ‘मैनहोल क्रीपर्स’ नाम दिया गया है, लेकिन बदबूदार सीवर के अंदर इनका असली मकसद क्या है, ये अभी तक बड़ा रहस्य बना हुआ है.

न्यूयॉर्क की सड़कों पर आधी रात का खौफनाक नजारा

न्यूयॉर्क के क्वींस और ब्रुकलिन इलाकों में अब तक ऐसी तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिन्होंने पुलिस की नींद उड़ा दी है. पहली घटना 5 मई को क्वींस की एक सड़क पर हुई. वहां एक ऑटो रिपेयर शॉप के मालिक अकी जाकुपोविक ने अपनी आंखों से 3 लोगों को मैनहोल का भारी ढक्कन हटाकर गटर के अंदर जाते देखा.हैरान करने वाली बात ये थी कि आखिरी बंदे ने अंदर घुसने के बाद ढक्कन को वापस ऐसे बंद कर लिया, जैसे कुछ हुआ ही न हो.

अकी ने बताया, ‘मैं समझ गया था कि ये लोग किसी भले काम के लिए तो नीचे नहीं जा रहे हैं. उन्होंने मुझे देखा, लेकिन उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ा. मैंने न्यूयॉर्क में बहुत सी अजीबोगरीब चीजें देखी हैं, लेकिन ये सच में हैरान करने वाला था’. डर के मारे अकी और उनके स्टाफ ने तुरंत पुलिस को फोन किया और बाहर खड़ी ग्राहकों की कारों को गैरेज के अंदर छुपा दिया ताकि कोई अनहोनी न हो जाए.

ब्रुकलिन में एक ही दिन में दो घटनाएं

अभी पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि 28 मई को ब्रुकलिन इलाके से दो और वीडियो सामने आ गए. ब्रुकलिन के ग्रेव्सएंड इलाके में मैकडॉनल्ड एवेन्यू के पास कुछ लोग गटर के अंदर घुसे. कई घंटों बाद, एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ कि गटर के अंदर से एक-एक करके सात आदमी बाहर निकले और बिना किसी हड़बड़ी के आराम से फुटपाथ पर टहलते हुए अंधेरे में गायब हो गए.

ठीक उसी दिन, बेडफोर्ड एवेन्यू के पास भी कुछ लड़कों को मैनहोल उठाकर सीवर में जाते देखा गया, जो तड़के करीब 3:40 बजे बाहर निकले और एक कार में बैठकर रफूचक्कर हो गए. 15 साल से वहां दुकान चला रहे 66 साल के रूफात कफारोव कहते हैं, ‘मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा कभी नहीं सुना. ये पूरी तरह से पागलपन है’!

क्या है ‘मैनहोल क्रीपर्स’ की कॉन्सपिरेसी थ्योरी?

इन ‘मैनहोल क्रीपर्स’ को लेकर पूरे न्यूयॉर्क में कयासों और कॉन्सपिरेसी थ्योरीज का बाजार गर्म है. आखिर इतनी बदबूदार और खतरनाक जगह पर कोई अपनी मर्जी से क्यों जाएगा?

करोड़ों का छुपा हुआ खजाना: सबसे बड़ी थ्योरी ‘ट्रेजर हंटिंग’ यानी खजाने की खोज की है. माना जाता है कि न्यूयॉर्क के सीवर में सालों से लोगों के गिरे हुए सोने के गहने, अंगूठियां और कीमती सामान बहकर जमा हो जाते हैं. 1800 के दशक में न्यूयॉर्क टाइम्स के कई लेखों में भी दावा किया गया था कि गटर की गहराइयों से कीमती जवाहरात निकाले गए हैं. फिल्मों की तरह अपराधी भी अक्सर ड्रग्स या चोरी का माल पुलिस से बचाने के लिए गटर में फेंक देते हैं.

चोरों का कबूलनामा: ये थ्योरी काल्पनिक नहीं है. साल 2015 में भी एक 21 साल के लड़के को ऐसे ही गटर से निकलते पकड़ा गया था. पिछले साल भी ब्रुकलिन के सीवर से तीन लोग पकड़े गए थे, जिनमें से एक विलर ग्रीन ने पुलिस को बताया था, ‘लोग घर के पाइपों में अपना सोना खो देते हैं. हम उसे ढूंढकर बेचने और पैसे कमाने गटर में गए थे’.

बैंक डकैती का मास्टरप्लान: हालांकि, हर कोई खजाने वाली बात पर यकीन नहीं कर रहा है. 37 साल की ओल्गा का मानना है कि ये किसी बड़ी डकैती की साजिश हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘जरा सी ज्वेलरी के लिए इतनी गंदी जगह पर कोई इतनी मेहनत नहीं करेगा. हो सकता है ये लोग नीचे ही नीचे सुरंग खोदकर किसी बैंक या बड़ी दुकान के लॉकर तक पहुंचने की फिराक में हों’.

View this post on Instagram





Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img