Last Updated:
Best Time to Visit in Nainital: गर्मियों की छुट्टियों और लॉन्ग वीकेंड में अगर आप भी पहाड़ों की रानी नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट समय है. नैनीताल में इस समय सुहावने मौसम और ठंडी हवाओं के साथ-साथ पर्यटकों को सबसे बड़ी आफत यानी ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलने वाली है. ईद और वीकेंड की भारी भीड़ से निपटने के लिए नैनीताल प्रशासन ने एक खास ट्रैफिक प्लान तैयार किया है, जिसके तहत शहर में दोपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. घर से निकलने से पहले जान लीजिए प्रशासन का यह नया नियम और नैनीताल के मौसम का ताजा हाल.
नैनीताल: उत्तराखंड की खूबसूरत झीलों की नगरी नैनीताल इन दिनों पर्यटकों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं लग रही है. पहाड़ों पर छाए बादल, ठंडी हवाएं, हरियाली और नैनी झील का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इन दिनों नैनीताल का रुख कर रहे हैं. खास बात यह है कि इस बार पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है.
ईद और उसके बाद आने वाले लॉन्ग वीकेंड को देखते हुए नैनीताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पर्यटन सीजन के दौरान हर साल नैनीताल में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है. खासकर वीकेंड और त्योहारों के दौरान शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है. लेकिन इस बार प्रशासन ने पहले से तैयारी करते हुए एक नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है.
वीकेंड तक प्रतिबंधित रहेंगे दोपहिया वाहन
इस प्लान के तहत मैदानी इलाकों से आने वाले दोपहिया वाहनों की एंट्री नैनीताल शहर में दो दिनों तक प्रतिबंधित रहेगी. प्रशासन का मानना है कि इससे शहर में वाहनों का दबाव कम होगा और पर्यटक आसानी से बिना जाम के सफर का आनंद ले सकेंगे. दोपहिया वाहनों को शहर के बाहर निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा और वहां से पर्यटकों को शटल सेवा के जरिए नैनीताल भेजा जाएगा. नैनीताल में इन दिनों मौसम भी बेहद सुहावना बना हुआ है. सुबह-शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि दोपहर में भी मौसम काफी आरामदायक बना हुआ है. नैनी झील के किनारे घूमते पर्यटक, माल रोड पर चहल-पहल लोगों को खास अनुभव दे रहे हैं. यही वजह है कि बड़ी संख्या में पर्यटक वीकेंड पर नैनीताल पहुंच रहे हैं.
पर्यटक बोले ये है बेस्ट टाइम
गुजरात से नैनीताल घूमने पहुंचे पर्यटक अमी बारेट ने बताया कि वे अपनी कार से नैनीताल पहुंचे हैं और उन्हें रास्ते में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. उन्होंने कहा कि इस समय नैनीताल घूमने के लिए बेहतरीन मौसम है और यहां का वातावरण बेहद शानदार है. वहीं अन्य पर्यटक सुधीर गौड़ ने बताया कि सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली कई रील्स में नैनीताल के बारे में गलत जानकारी दी जाती है. उन्होंने कहा कि असल में नैनीताल का मौसम बहुत अच्छा है और फिलहाल शहर में ट्रैफिक की स्थिति भी सामान्य बनी हुई है.
पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. नैनीताल के एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्रा ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है.
उन्होंने कहा कि ईद के बाद आने वाले वीकेंड तक दोपहिया वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा. उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर यात्रा अनुभव देना और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है. अगर आप भी इन दिनों नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह समय आपके लिए परफेक्ट हो सकता है. सुहावना मौसम, कम ट्रैफिक और खूबसूरत वादियां आपके सफर को यादगार बना सकती हैं.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें





