Last Updated:
Jamshedpur Best Tourist Spot: अगर आप जमशेदपुर में रहते हैं और अपने परिवार या दोस्तों के साथ किसी नई, शांत और प्राकृतिक जगह की तलाश में हैं तो शहर से मात्र 18 किलोमीटर दूर स्थित हलुदबनी (Haludbani) गांव के पास का यह खूबसूरत स्थल आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यहां पहुंचते ही ऐसा महसूस होता है मानो शहर की भागदौड़ और शोरगुल से निकलकर किसी अलग ही दुनिया में आ गए हो. आइये जानते हैं इसके बारे में.
जमशेदपुर से डिमना होते हुए पटमदा की ओर बढ़ने पर रास्ते में हलुदबनी गांव पड़ता है. गांव के मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर अंदर जाने पर प्रकृति का ऐसा अद्भुत नजारा दिखाई देता है, जिसे देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है. यह स्थान किसी छोटे टापू जैसा प्रतीत होता है, जहां चारों ओर हरियाली, सुंदर जलाशय, दूर-दूर तक फैले पहाड़ और हरी-भरी घास का मनमोहक दृश्य देखने को मिलता है.

इस स्थान की सबसे बड़ी खासियत इसकी शांति है. यहां न तो वाहनों का शोर सुनाई देता है और न ही शहर की भागदौड़ का कोई असर दिखाई देता है. केवल पक्षियों की मधुर चहचहाहट और हवा की सरसराहट मन को सुकून देती है. यहां कुछ समय बिताने के बाद ऐसा महसूस होता है. जैसे सारी चिंताएं और तनाव कहीं दूर चले गए हो.

पर्यटकों के लिए एक और अच्छी बात यह है कि इस स्थान तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क बनी हुई है. चाहे आप बाइक से जाएं, कार से या किसी अन्य वाहन से, यहां तक पहुंचना बेहद आसान है. यही वजह है कि यह जगह परिवार, दोस्तों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक आदर्श पिकनिक स्पॉट बनती जा रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

यहां का मौसम भी अपने आप में खास है. स्थानीय लोगों के अनुसार, हर घंटे मौसम का रंग बदलता हुआ नजर आता है. कभी हल्की ठंडी हवा चलने लगती है, तो कभी बादलों की छांव पूरे वातावरण को और भी खूबसूरत बना देती है.

सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का दृश्य किसी चित्रकार की बनाई पेंटिंग जैसा प्रतीत होता है. अगर आप सप्ताहांत में कुछ नया अनुभव करना चाहते हैं और प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो हलुदबनी गांव के पास स्थित यह खूबसूरत स्थल आपकी सूची में जरूर होना चाहिए.

एक बार यहां आने के बाद आपका मन बार-बार इस प्राकृतिक स्वर्ग की ओर खिंचा चला आएगा. यह जगह साबित करती है कि खूबसूरती देखने के लिए हमेशा दूर जाने की जरूरत नहीं होती, कभी-कभी स्वर्ग हमारे शहर के बिल्कुल करीब ही छिपा होता है.




