Ivanka Trump News | Ivanka Trump Assassination: डोनाल्ड ट्रंप की इकलौती बेटी इवांका, क्या करती हैं, पति कौन, कितने बच्चे, कौन मारना चाहता है?


होमदुनियाअमेरिका

ट्रंप की इकलौती बेटी क्या करती हैं, पति कौन, कितने बच्चे, कौन मारना चाहता है?

Last Updated:

Ivanka Trump News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप एक बार फिर सुर्खियों में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक IRGC से जुड़े एक आतंकी ने उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची थी. जानिए इवांका ट्रंप क्या करती हैं, उनके पति कौन हैं, उनके कितने बच्चे हैं और ट्रंप प्रशासन में उनकी क्या भूमिका रही. बिजनेस, फैशन और राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाली इवांका की जिंदगी से जुड़ी पूरी कहानी पढ़िए. (सभी फोटो Reuters)

अमेरिका की राजनीति में डोनाल्ड ट्रंप जितना बड़ा नाम हैं, उतनी ही चर्चा उनकी बेटी इवांका ट्रंप की भी होती है. इवांका सिर्फ राष्ट्रपति की बेटी नहीं बल्कि बिजनेस, फैशन और पॉलिटिक्स की दुनिया का बड़ा चेहरा हैं. लेकिन इस बार उनका नाम किसी बिजनेस डील या राजनीतिक कार्यक्रम की वजह से नहीं बल्कि एक खतरनाक साजिश को लेकर सुर्खियों में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स यानी IRGC से जुड़े एक आतंकी ने इवांका ट्रंप को निशाना बनाने की योजना बनाई थी. दावा किया गया कि आरोपी ने फ्लोरिडा स्थित उनके घर का नक्शा तक जुटा लिया था. इस खबर के सामने आने के बाद अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं और ट्रंप परिवार की सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इराकी नागरिक मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी, ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था. छह साल पहले बगदाद में अमेरिकी एयरस्ट्राइक में सुलेमानी मारा गया था. बताया जा रहा है कि अल-सादी उसे अपना गुरु मानता था. रिपोर्ट में दावा किया गया कि वह सार्वजनिक रूप से कहता था, ‘हमें इवांका को मारना होगा ताकि ट्रंप के घर को उसी तरह जलाया जा सके जैसे उन्होंने हमारा घर जलाया.’ जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी ने सोशल मीडिया पर इवांका के फ्लोरिडा स्थित घर का नक्शा पोस्ट करते हुए धमकी भी दी थी. इस घटना ने अमेरिका में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

इवांका ट्रंप का जन्म 30 अक्टूबर 1981 को न्यूयॉर्क में हुआ था. वे डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पहली पत्नी इवाना ट्रंप की बेटी हैं. बचपन से ही इवांका ग्लैमर और बिजनेस की दुनिया के बीच पली-बढ़ीं. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया के प्रतिष्ठित व्हार्टन स्कूल ऑफ बिजनेस से पढ़ाई की. इसके बाद ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम किया. उन्होंने रियल एस्टेट, फैशन और ब्रांडिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई. इवांका ने अपनी किताब ‘The Trump Card’ के जरिए भी काफी सुर्खियां बटोरीं, जिसमें उन्होंने अपने करियर और बिजनेस अनुभवों को साझा किया था.

Add News18 as
Preferred Source on Google

राजनीति में भी इवांका ट्रंप का रोल काफी अहम रहा. 2017 से 2021 के बीच डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल में वे अनऑफिशियल एडवाइजर के रूप में सक्रिय रहीं. उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर काम किया. कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उन्होंने अमेरिका का प्रतिनिधित्व भी किया. इवांका को ट्रंप प्रशासन का सॉफ्ट फेस माना जाता था. वे अक्सर वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप और फैमिली पॉलिसी से जुड़े कार्यक्रमों में दिखाई देती थीं. उनके भाषण और प्रोफेशनल स्टाइल ने उन्हें दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया.

इवांका ट्रंप की शादी 2009 में जारेड कुशनर से हुई थी. जारेड अमेरिका के बड़े रियल एस्टेट कारोबारी और निवेशक माने जाते हैं. दोनों की मुलाकात 2005 में हुई थी और कुछ साल डेट करने के बाद उन्होंने शादी की. शादी से पहले इवांका ने यहूदी धर्म अपनाया था. जारेड कुशनर भी ट्रंप प्रशासन में सीनियर एडवाइजर रहे और मिडिल ईस्ट नीति में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती है. दोनों का रिश्ता राजनीति और बिजनेस दोनों में मजबूत साझेदारी का उदाहरण माना जाता है. फिलहाल दोनों फ्लोरिडा में रहते हैं और कई बड़े निवेश प्रोजेक्ट्स से जुड़े हुए हैं.

इवांका और जारेड कुशनर के तीन बच्चे हैं. उनकी सबसे बड़ी बेटी अरेबेला रोज कुशनर का जन्म 2011 में हुआ था. इसके बाद बेटे जोसेफ फ्रेडरिक कुशनर का जन्म 2013 में और सबसे छोटे बेटे थियोडोर जेम्स कुशनर का जन्म 2016 में हुआ. इवांका अक्सर कहती हैं कि परिवार और बच्चों की परवरिश उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सोशल मीडिया पर वे बच्चों के साथ तस्वीरें और फैमिली मोमेंट्स शेयर करती रहती हैं. उनका परिवार धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को काफी महत्व देता है. अरेबेला को कई भाषाओं का ज्ञान होने की भी चर्चा रहती है.

इवांका ट्रंप ने फैशन और लाइफस्टाइल इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. उन्होंने अपना ज्वेलरी और फैशन ब्रांड लॉन्च किया था जो काफी लोकप्रिय हुआ. हालांकि राजनीति में आने के बाद उन्होंने कई बिजनेस गतिविधियों से दूरी बना ली. इसके अलावा वे महिला उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स में शामिल रहीं. ट्रंप प्रशासन के दौरान उन्होंने दुनिया के कई देशों में महिला रोजगार कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की पहल की थी. उनकी छवि एक ऐसी महिला नेता की बनी जिसने बिजनेस, राजनीति और परिवार के बीच संतुलन कायम किया.

इवांका ट्रंप को लेकर सामने आई इस कथित साजिश ने अमेरिका में सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए धमकियां दे रहा था और ट्रंप परिवार की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. हालांकि अमेरिकी एजेंसियां अब पूरी तरह सतर्क हैं. ट्रंप परिवार पहले भी कई धमकियों का सामना कर चुका है, लेकिन इवांका को सीधे निशाना बनाए जाने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. फिलहाल इवांका सार्वजनिक रूप से इस मामले पर ज्यादा टिप्पणी नहीं कर रही हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img