Last Updated:
Shamim Mafi Arrested: अमेरिका में ईरानी महिला को गिरफ्तार किया गया है. शमीम माफी नाम की महिला को लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शनिवार रात को गिरफ्तार किया गया. उस पर अमेरिका की धरती से सूडान जैसे युद्धग्रस्त देशों को घातक ड्रोन, बम और मिसाइल के पार्ट्स की तस्करी करने का आरोप है. अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के अनुसार, माफी पर आरोप है कि उसने ओमान में रजिस्टर्ड अपनी कंपनी एटलस इंटरनेशनल बिजनेस के जरिए ईरानी रक्षा मंत्रालय और सूडान के रक्षा मंत्रालय के बीच करीब 580 करोड़ रुपये से अधिक का हथियारों का सौदा कराया. इस डील में ईरान के खतरनाक मोहाजेर-6 हथियारबंद ड्रोन और 55,000 बम फ्यूज शामिल थे. (सभी फोटो- Facebook/Shamim Mafi )
जांच में यह सामने आया है कि 2020 में ईरानी सरकार ने माफी को विरासत में मिली उसके पिता की संपत्ति जब्त कर ली थी. इसके बाद ईरानी खुफिया मंत्रालय ने उसे एक प्रस्ताव दिया कि यदि वह अमेरिका में व्यापार शुरू कर तेहरान के लिए काम करती है, तो वह अपनी जायदाद वापस खरीद सकती है. अभियोजकों का दावा है कि ईरान ने उसके इस ‘स्टार्टअप’ का खर्च उठाने की भी पेशकश की थी ताकि वह अमेरिका से हथियारों की दलाली कर सके.

अमेरिकी जांच एजेंसियों (FBI) को चकमा देने के लिए माफी अपनी कंपनी के सौदों को तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास्तों से घुमाकर अंजाम देती थी. नवंबर 2023 में उसे तुर्की के बड़े व्यापारिक नेताओं के साथ देखा गया था. वहां उसे अमेरिका से आई हमारी सबसे अच्छी दोस्त बताकर इंट्रोड्यूस किया गया था. वह बार-बार इस्तांबुल की यात्रा करती थी ताकि हथियारों की शिपमेंट को कानूनी रूप दिया जा सके.

घातक मोहाजेर-6 ड्रोन की डीलशमीम माफी पर सबसे बड़ा आरोप ईरान द्वारा निर्मित ‘मोहाजेर-6’ ड्रोनों की दलाली का है. यह ड्रोन निगरानी और हमले दोनों में सक्षम है. सूडान के रक्षा मंत्रालय के साथ हुए गुप्त समझौते के तहत, माफी ने करोड़ों रुपये के गोला-बारूद और बमों की सप्लाई सुनिश्चित की थी. यह वह समय था जब सूडान पहले से ही विनाशकारी गृहयुद्ध की आग में जल रहा था. ये हथियार उस आग को और भड़काने वाले थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कोर्ट के दस्तावेजों में फोन रिकॉर्ड्स से पुष्टि हुई है कि माफी सीधे तेहरान के खुफिया अधिकारियों के निर्देशों पर काम कर रही थी. अभियोजकों ने अदालत में बताया कि माफी ने खुद एक बार कहा था कि वह अमेरिका के मुकाबले तेहरान में बैठे ईरानी जासूसों के लिए ‘ज्यादा उपयोगी’ साबित हो सकती है. उसने अमेरिकी कानून (इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट) का खुलेआम उल्लंघन किया.

माफी की गिरफ्तारी उस समय हुई जब वह इस्तांबुल की फ्लाइट पकड़ने वाली थी. पुलिस ने उसे हथकड़ी लगाकर हिरासत में लिया. हालांकि माफी ने पूछताछ में दावा किया कि उसने कभी ईरान के लिए अमेरिकी धरती पर कोई जासूसी नहीं की. हालांकि, सबूतों का अंबार कुछ और ही कहानी कह रहा है. यदि वह दोषी पाई जाती है, तो उसे संघीय जेल में अधिकतम 20 साल की सजा हो सकती है.

लॉस एंजिल्स के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अमेरिकी अटॉर्नी ने इस गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी बताया है. उन्होंने कहा कि बिना किसी कानूनी मंजूरी के इतने खतरनाक हथियारों की बिक्री की निगरानी करना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा था. माफी के पास इन संवेदनशील सौदों को करने के लिए कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं था, फिर भी वह करोड़ों डॉलर का हेरफेर कर रही थी.

शमीम माफी का केस यह दिखाता है कि कैसे विदेशी एजेंसियां लग्जरी और ग्लैमर का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को तोड़ने की कोशिश करती हैं. उसकी सोशल मीडिया फीड महंगी छुट्टियों और पार्टियों से भरी थी, वहीं उसके फोन के एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर बमों और मिसाइलों के कॉन्ट्रैक्ट्स पर चर्चा हो रही थी. सोमवार को उसे लॉस एंजिल्स की जिला अदालत में पेश किया जाएगा.

सूडानी सिविल वॉर के बीच ईरान पर बार-बार यूनाइटेड नेशंस के हथियार बैन को तोड़ने का आरोप लगा है. ईरान के ड्रोन को सरकारी सेना द्वारा इस्तेमाल करते हुए देखा गया है. सूडान के सिविल वॉर के चार साल हो गए हैं. अब क 61,000 से लेकर लाखों लोगों की जान जा चुकी है. UN के फैक्ट-फाइंडिंग मिशन ने हाल ही में दारफुर में हुई बड़ी मौतों को नरसंहार बताया था. इस लड़ाई में लगभग नब्बे लाख लोगों बेघर हो गए हैं.





