Last Updated:
Iran US War Live News: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध रोकने वाली डील पर अभी आखिरी मुहर नहीं लगी है. ट्रंप ने समझौते को करीब बताया, लेकिन भाषा और शर्तों पर दोनों पक्षों में खींचतान जारी है. उधर तेल बाजार में राहत …और पढ़ें
Iran-Israel War News: अमेरिका और ईरान के बीच जिस समझौते को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बड़ा ऐलान कर दिया था, उस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को लेकर एक प्रारंभिक समझौता (MoU) लगभग तैयार है, लेकिन डील की भाषा और कुछ शर्तों को लेकर अभी भी खींचतान जारी है. इसी वजह से इस समझौते को अंतिम रूप लेने में कुछ और दिन लग सकते हैं.
अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईरान डील के बड़े मुद्दों पर सिद्धांत रूप से सहमत हो चुका है, लेकिन दस्तावेज की भाषा पर दोनों पक्षों के बीच लगातार बातचीत चल रही है. अमेरिकी पक्ष कुछ शब्दों और शर्तों को लेकर बदलाव चाहता है, जबकि ईरान की तरफ से हर बिंदु पर लंबी मंजूरी प्रक्रिया चल रही है. अधिकारी ने कहा कि अभी ‘कुछ अहम बिंदुओं’ पर भाषा तय होनी बाकी है. जब दोनों पक्ष पूरी तरह सहमत हो जाएंगे, तब अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों के बीच आमने-सामने हस्ताक्षर समारोह हो सकता है.
ट्रंप दे रहे सफाई
इस बीच लगातार ट्रंप की ईरान से डील करने को लेकर अमेरिका में आलोचना हो रही है. उनकी पार्टी के लोग ही उनके फैसले पर सवाल उठा रहे हैं. इसका जवाब डोनाल्ड ट्रंप ने दिया है. ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ डील होगी तो वह ‘अच्छी और सही’ होगी. उन्होंने बराक ओबामा के दौर के परमाणु समझौते पर निशाना साधते हुए कहा कि उस डील ने ईरान को भारी नकदी और परमाणु हथियार की राह दी थी, जबकि उनकी डील बिल्कुल उलट होगी. हालांकि ट्रंप ने यह भी माना कि समझौता अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और लोग उस पर आलोचना कर रहे हैं जबकि उन्होंने डील देखी ही नहीं है.
डील के मसौदे के मुताबिक, अमेरिका और ईरान 60 दिन के युद्धविराम विस्तार पर सहमत हो सकते हैं. इस दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों के लिए खोला जाएगा, ईरान वहां बिछाई गई समुद्री बारूदी सुरंगें हटाएगा और बदले में अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी में ढील देगा. इससे ईरान को फिर से खुलकर तेल बेचने की राहत मिल सकती है. साथ ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अगले चरण की बातचीत भी शुरू होगी.
तेल की कीमतें गिरी
इस संभावित डील की खबर के बीच तेल बाजार ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. ब्रेंट क्रूड करीब 1.5 फीसदी गिरकर 99 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल लगभग 5 फीसदी गिरकर 92 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया. वजह यह है कि अगर होर्मुज खुलता है तो दुनिया की करीब 20 फीसदी तेल सप्लाई फिर सामान्य हो सकती है, जिससे बाजार पर दबाव कम होगा.





