Last Updated:
US News: अमेरिका के टेनेसी में गुजरात के 62 वर्षीय सुरेश पटेल की दुकान में लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी भी दुकान में मौजूद थी. पुलिस के मुताबिक, नकाब पहने हमलावर ने नकदी लूटने के बाद फायरिंग की और सफेद कार से फरार हो गया.
अमेरिका में गुजराती बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या.
US Indian Origin Man Killed: अमेरिका के टेनेसी में गुरुवार रात एक दुकान में हुई गोलीबारी ने गुजरात के एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी. 62 साल के सुरेश पटेल अभी कुछ दिन पहले ही जैक्सन की रिजक्रेस्ट सेलर्स वाइन एंड स्पिरिट्स दुकान के मालिक बने थे. लेकिन कारोबार संभालने के महज तीन दिन बाद एक हथियारबंद लुटेरा दुकान में घुसा और लूट के बाद चली गोलियों में सुरेश पटेल की जान चली गई. सबसे दर्दनाक बात यह थी कि उनकी 19 साल की बेटी उसी वक्त दुकान में मौजूद थी और उसकी आंखों के सामने पिता को गोली मार दी गई. इंडिया टुडे में छपी खबर के मुताबिक मामले की जांच जारी है और हमलावर की तलाश की जा रही है.
सुरेश पटेल मूल रूप से गुजरात के मेहसाणा जिले के रहने वाले थे. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, उन्होंने घटना से महज कुछ दिन पहले ही इस दुकान की कमान संभाली थी. बताया गया है कि सोमवार को ही वह दुकान के नए मालिक बने थे और सिर्फ तीन दिन बाद उनकी हत्या हो गई.
मास्क पहनकर दुकान में घुसा हमलावर
जैक्सन पुलिस विभाग के मुताबिक, एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और कर्मचारियों से नकदी की मांग की. उसके पास बंदूक थी. पैसे मिलने के बाद भी हमलावर ने फायरिंग कर दी. स्थानीय ब्रॉडकास्टर WBBJ के मुताबिक, हमलावर की गोलियों से सुरेश पटेल घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के दौरान दुकान में मौजूद उनकी बेटी ने अपने पिता को गोली लगते देखा. परिवार के लिए यह घटना बेहद सदमे वाली है.
CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
पुलिस ने बताया कि हमलावर CCTV कैमरे में कैद हुआ है. उसकी पहचान एक अश्वेत व्यक्ति के तौर पर बताई गई है, जिसने ग्रे हुडी, जींस और काले रंग के जूते पहन रखे थे. उसके चेहरे पर पेंटबॉल जैसी मास्क थी. पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी सफेद रंग की सेडान कार में फरार हो गया. अधिकारियों ने उसे हथियारबंद और बेहद खतरनाक बताया है. पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. लोगों से भी अपील की गई है कि अगर किसी के पास मामले से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह जैक्सन पुलिस विभाग या क्राइम स्टॉपर्स से संपर्क करे.
गुजराती कारोबारियों पर हमले ने बढ़ाई चिंता
सुरेश पटेल की हत्या ने अमेरिका में कारोबार करने वाले गुजराती मूल के लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. इससे पहले भी अमेरिका में भारतीय मूल के कारोबारियों को लूट और गोलीबारी की घटनाओं का सामना करना पड़ा है. मई 2025 में टेनेसी में 30 वर्षीय परेश ‘प्रिंस’ पटेल की गैस स्टेशन पर लूट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. दो महीने पहले वर्जीनिया के नॉरफोक में गुजराती महिला मेघना पटेल की उनकी दुकान के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. सितंबर 2025 में चारोतर की रहने वाली किरण पटेल की भी एक स्टोर में घुसे हथियारबंद लुटेरे का सामना करने के बाद पार्किंग में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ें




