अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार को सोना और चांदी कमजोर शुरुआत के साथ खुले, जहां दोनों कीमती धातुओं में करीब आधा प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई। घरेलू वायदा बाजार MCX से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स तक कीमतों में दबाव देखने को मिला, हालांकि कारोबार सीमित दायरे में ही रहा।
MCX पर सोना-चांदी की चाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का 05 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,51,721 रुपए के मुकाबले 1,51,700 रुपए पर खुला। सुबह 9:50 बजे तक यह 0.14 प्रतिशत यानी 207 रुपए की गिरावट के साथ 1,51,514 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,51,500 रुपए का निचला और 1,51,802 रुपए का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी का 05 मई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,41,824 रुपए के मुकाबले गिरकर 2,40,490 रुपए पर खुला। सुबह के कारोबार में यह 0.59 प्रतिशत यानी 1,424 रुपए की कमजोरी के साथ 2,40,400 रुपए पर रहा। चांदी ने अब तक 2,40,218 रुपए का न्यूनतम और 2,41,250 रुपए का अधिकतम स्तर दर्ज किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। कॉमेक्स पर सोना 0.27 प्रतिशत गिरकर 4,680 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74.48 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी। यह संकेत देता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
सीमित दायरे में कारोबार, फिर भी मजबूत रिटर्न
घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों सीमित दायरे में कारोबार करते नजर आए। हालांकि लंबी अवधि के आंकड़े देखें तो बीते एक साल में डॉलर के लिहाज से सोने ने 40 प्रतिशत से ज्यादा और चांदी ने 126 प्रतिशत से अधिक रिटर्न दिया है।
अमेरिका-ईरान तनाव का असर
बाजार पर दबाव की एक बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव भी माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच शांति वार्ता में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ईरान ने अमेरिका को दिए प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट खोलने और समुद्री नाकेबंदी हटने के बाद परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की बात कही थी, लेकिन अमेरिका ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। अमेरिका का कहना है कि दोनों मुद्दों का समाधान एक साथ होना चाहिए, नहीं तो उसका पक्ष कमजोर पड़ सकता है।





