वैश्विक बाजार में भी सोना-चांदी दबाव में
सोने और चांदी की कीमतों में यह गिरावट ऐसे समय आई है जब वैश्विक बाजार में कई तरह के दबाव बने हुए हैं। कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी आई है, जबकि डॉलर मजबूत हो रहा है। दूसरी ओर अमेरिका से आए महंगाई के आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। महंगाई बढ़ने के कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
ब्याज दरों को लेकर बाजार की चिंता सोने और चांदी पर दबाव डाल रही है। अगर अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ती हैं तो दोनों कीमती धातुओं में और बड़ी गिरावट आ सकती है। सोने-चांदी में पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली भी देखने को मिल रही है।
रॉयटर्स के मुताबिक, शुक्रवार को स्पॉट गोल्ड करीब 0.5 फीसदी गिरकर 4,326.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया और साप्ताहिक आधार पर भी यह गिरावट की ओर था। यानी घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।




