Last Updated:
Religious Places Near Delhi-NCR: अगर आप इस तपती गर्मी में हरिद्वार जाने की सोच रहे हैं, लेकिन बजट और लंबी दूरी आपका रास्ता रोक रही है, तो गाजियाबाद का छोटा हरिद्वार आपकी तलाश खत्म कर सकता है. दिल्ली-मेरठ रोड पर स्थित मुरादनगर की यह जगह इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बनी हुई है. यहां हर की पौड़ी की तर्ज पर बने घाट, गंगा स्नान, मंदिरों की घंटियां और शांत माहौल लोगों को हरिद्वार जैसा अनुभव कराते हैं. यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं.
गाजियाबाद: गर्मियों की छुट्टियों में हर कोई ठंडी और धार्मिक जगहों पर जाना चाहता है. अगर आपका मन गंगा स्नान का है लेकिन हरिद्वार की लंबी दूरी और भारी खर्च की वजह से आप प्लान नहीं बना पा रहे, तो गाजियाबाद का छोटा हरिद्वार (Mini Haridwar Ghaziabad) आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. दिल्ली-मेरठ रोड पर मुरादनगर में स्थित यह धार्मिक स्थल इन दिनों पर्यटकों और श्रद्धालुओं की पहली पसंद बना हुआ है. यहां बिल्कुल हरिद्वार की तर्ज पर घाट बनाए गए हैं, जहां हर रोज हजारों लोग पूजा-अर्चना और स्नान के लिए पहुंचते हैं.
खासकर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के आसपास रहने वाले परिवारों के लिए यह जगह बहुत खास है, जहां कम समय और कम खर्च में गंगा स्नान का आनंद लिया जा सकता है.
हरिद्वार की हर की पौड़ी से है खास कनेक्शन
छोटा हरिद्वार के पुजारी रविंद्र गोस्वामी बताते हैं कि इस जगह की धार्मिक मान्यता बहुत ज्यादा है. यहां बहने वाली गंग नहर सीधे हरिद्वार की प्रसिद्ध हर की पौड़ी से निकली है. यही वजह है कि जो लोग मुख्य हरिद्वार तक नहीं जा पाते, वे यहां आकर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं और गंगा मैया का आशीर्वाद लेते हैं. मान्यता है कि यहां स्नान करने से वही पुण्य मिलता है जो हरिद्वार में गंगा स्नान से प्राप्त होता है.
पुजारी रविंद्र गोस्वामी के मुताबिक, कई साल पहले यहां गंग नहर के किनारे सिर्फ शनिदेव की एक मूर्ति थी और आसपास काफी गंदगी रहती थी. बाद में मंदिर के मुख्य महंत मुकेश गोस्वामी ने यहां साफ-सफाई की जिम्मेदारी उठाई और शनिदेव की मूर्ति को विधि-विधान से मंदिर में स्थापित कराया. धीरे-धीरे लोग यहां जुड़ने लगे और नगर पालिका मुरादनगर के सहयोग से घाटों का निर्माण हुआ. आज यह स्थान दिल्ली-एनसीआर के सबसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों में से एक है.
यह भी पढ़ें: इस गर्मी मसूरी-नैनीताल नहीं, दिल्ली-NCR में यहां ₹60 में उठाएं बोटिंग का लुत्फ, यादगार बन जाएगा वीकेंड
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और प्रशासन की मुस्तैदी
श्रद्धलुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन यहां सुरक्षा का पूरा ख्याल रखता है. मुख्य स्नान पर्वों और त्योहारों पर यहां हजारों की संख्या में लोग जुटते हैं. किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए गंग नहर में बैरिकेडिंग की गई है. साथ ही, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें हमेशा तैनात रहती हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी डर के सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें.
कैसे पहुंचें छोटा हरिद्वार?
यहां पहुंचना बेहद सरल और सुलभ है. यह स्थल दिल्ली-मेरठ एनएच-58 पर मुरादनगर में स्थित है. आप अपनी गाड़ी या बस से गूगल मैप का इस्तेमाल कर यहां आसानी से पहुंच सकते हैं. अगर आप दिल्ली या गाजियाबाद से आ रहे हैं, तो मुरादनगर रैपिड रेल स्टेशन सबसे पास है. वहां से ऑटो या रिक्शा लेकर आप सीधे छोटा हरिद्वार पहुंच सकते हैं.
इस गर्मी के मौसम में अगर आप भी कम खर्च में एक शांत और धार्मिक माहौल की तलाश में हैं, तो गाजियाबाद का छोटा हरिद्वार आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें





