Last Updated:
Free Places to Visit in Udaipur: झीलों की नगरी उदयपुर में घूमने के लिए हर जगह पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. शहर में गंगौर घाट, गुलाब बाग, दूध तलाई, जगदीश मंदिर, करणी माता मंदिर, फतेहसागर झील, सुखाड़िया सर्कल और बाहुबली हिल्स जैसी कई शानदार जगहें हैं जहां कोई एंट्री फीस नहीं लगती. पर्यटक इन स्थानों पर बिना किसी टिकट के झीलों, ऐतिहासिक इमारतों और अरावली की पहाड़ियों के खूबसूरत नजारों का आनंद उठा सकते हैं.
Udaipur: अगर आप झीलों की नगरी उदयपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं और चाहते हैं कि बेहद कम खर्च में शहर की असली खूबसूरती का मजा लिया जाए, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद खास है. उदयपुर में कई ऐसे मशहूर और मनमोहक पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां घूमने के लिए आपको किसी भी तरह की एंट्री फीस देने की जरूरत नहीं पड़ती. यहां आप बिना जेब ढीली किए झीलों के शांत नजारों, ऐतिहासिक इमारतों और अरावली की वादियों का भरपूर आनंद उठा सकते हैं, साथ ही शानदार यादगार तस्वीरें भी क्लिक कर सकते हैं.
उदयपुर आने वाले सैलानियों के लिए गंगौर घाट और पिछोला झील का किनारा शहर की सबसे खास और आइकॉनिक लोकेशन में से एक है. यहां बैठकर आप पिछोला झील के शांत पानी, आसपास की प्राचीन हवेलियों और दूर दिखती पहाड़ियों का बेहद खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि यहां घूमने और समय बिताने के लिए कोई एंट्री टिकट नहीं लगता. खासतौर पर शाम के समय ढलते सूरज और जगमगाती रोशनी के बीच यहां का माहौल और भी ज्यादा सुहावना हो जाता है.
गुलाब बाग और दूध तलाई
शहर की भागदौड़ से दूर सुकून के पल बिताने के लिए गुलाब बाग और दूध तलाई बेहतरीन विकल्प हैं. गुलाब बाग उदयपुर का एक ऐतिहासिक और विशाल उद्यान है, जहां चारों तरफ फैली हरियाली और शांत वातावरण के बीच परिवार या दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताया जा सकता है. इसके पास ही स्थित दूध तलाई से पिछोला झील और आसपास की पहाड़ियों का शानदार व्यू देखने को मिलता है, जहां घूमना पूरी तरह निशुल्क है.
जगदीश मंदिर और करणी माता मंदिर
अगर आप उदयपुर की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखना चाहते हैं, तो जगदीश मंदिर और करणी माता मंदिर आपकी यात्रा की लिस्ट में जरूर होने चाहिए. शहर के बीचोंबीच स्थित जगदीश मंदिर अपनी अद्भुत और बारीक वास्तुकला के लिए पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है. वहीं, करणी माता मंदिर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद पूरे उदयपुर शहर और झीलों का विहंगम दृश्य दिखाई देता है. इन दोनों ही पवित्र मंदिरों में दर्शन करने के लिए किसी तरह का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाता.
फतेहसागर झील और सुखाड़िया सर्कल
खुली हवा और शाम की चहल-पहल का आनंद लेने वाले पर्यटकों के लिए फतेहसागर झील और सुखाड़िया सर्कल सबसे पसंदीदा ठिकाने हैं. शाम के समय इन जगहों पर शहर की असली रौनक देखने को मिलती है. फतेहसागर झील की पाल पर बैठकर ठंडी हवाओं के बीच झील और अरावली की पहाड़ियों को निहारना अपने आप में एक बेहद खास और यादगार अनुभव होता है.
बाहुबली हिल्स का एडवेंचर और प्राकृतिक नजारा
जिन लोगों को एडवेंचर, ट्रेकिंग और प्रकृति की गोद में समय बिताना पसंद है, उनके लिए बाहुबली हिल्स एक शानदार डेस्टिनेशन है. इस पहाड़ी की चोटी पर पहुंचने के बाद बड़ी झील, हरी-भरी पहाड़ियों और खुले आसमान का ऐसा अद्भुत नजारा दिखाई देता है, जिसे देखकर आपको लगेगा कि आप किसी विदेशी पर्यटन स्थल पर छुट्टियां मना रहे हैं. कुल मिलाकर, उदयपुर की इन पांच जगहों पर आप बिना कोई पैसा खर्च किए अपनी यात्रा को बेहद खास और यादगार बना सकते हैं.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…




