Last Updated:
Donald Trump Health News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई मेडिकल रिपोर्ट में उन्हें ‘पूरी तरह फिट’ बताया गया है, लेकिन रिपोर्ट ने कई नए सवाल भी खड़े कर दिए हैं. ट्रंप का वजन एक साल में बढ़ गया है और अब उनका वजन 108 किलोग्राम पहुंच गया है. डॉक्टरों ने वजन घटाने और ज्यादा एक्सरसाइज की सलाह दी है.
डोनाल्ड ट्रंप के स्वास्थ्य पर उठे सवाल.
Donald Trump Health News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत एक बार फिर राजनीतिक बहस का विषय बन गई है. व्हाइट हाउस ने शुक्रवार रात उनकी मेडिकल जांच की तीन पन्नों की रिपोर्ट जारी की, जिसमें दावा किया गया कि ट्रंप ‘बेहतरीन स्वास्थ्य’ में हैं. इसमें कहा गया कि वह राष्ट्रपति पद की सभी जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं. आम पब्लिक भले ही इस पर कुछ न कहे, लेकिन रिपोर्ट सामने आते ही डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने कई सवाल उठा दिए हैं. दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप की जांच मंगलवार को हुई थी, लेकिन रिपोर्ट तीन दिन बाद शुक्रवार रात करीब 10:44 बजे जारी की गई. इसी वजह से रिपोर्ट को लेकर और भी चर्चाएं शुरू हो गईं. ट्रंप के स्वास्थ्य को लेकर क्या सवाल उठ रहे हैं, उससे पहले जान लीजिए कि ट्रंप की हेल्थ रिपोर्ट में क्या आया है?
ट्रंप की हेल्थ रिपोर्ट कैसी है?
व्हाइट हाउस के डॉक्टर सीन बार्बाबेला ने रिपोर्ट में बताया कि ट्रंप का दिल, फेफड़े और न्यूरोलॉजिकल सिस्टम अच्छी स्थिति में हैं. हालांकि उन्हें कुछ अहम सलाह भी दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप को वजन कम करने, शारीरिक गतिविधियां बढ़ाने और कम डोज एस्पिरिन जारी रखने की सलाह दी गई है. रिपोर्ट में बताया गया कि ट्रंप का वजन अब करीब 108 किलो हो गया है. पिछले साल अप्रैल में उनका वजन करीब 101.6 किलो था. यानी एक साल में उनका वजन करीब 6.5 किलो बढ़ गया.
हाथों के निशान और सूजे पैरों पर फिर सवाल
रिपोर्ट में ट्रंप के हाथों पर दिखाई देने वाले नीले निशानों का भी जिक्र किया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि ये निशान लगातार लोगों से हाथ मिलाने और एस्पिरिन लेने की वजह से हुए हैं. रिपोर्ट में पैरों के निचले हिस्से में हल्की सूजन का भी जिक्र किया गया, हालांकि दावा किया गया कि यह पिछले साल की तुलना में बेहतर है. ट्रंप को पिछले साल क्रॉनिक वेनस इंसफिशिएंसी (नसों से जुड़ी समस्या) होने की जानकारी भी दी गई थी, जिसके कारण पैरों में सूजन देखी गई थी.
ट्रंप के दिल का हाल कैसा है?
रिपोर्ट में एक और दिलचस्प दावा किया गया है. AI आधारित इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ECG) के अनुसार ट्रंप के दिल की उम्र उनकी वास्तविक उम्र से लगभग 14 साल कम आंकी गई है. हालांकि कई विशेषज्ञों ने इस निष्कर्ष पर भी सवाल उठाए हैं. एक्सियोस की रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ डॉक्टरों का कहना है कि ‘कार्डियक एज’ कोई मानक मेडिकल डायग्नोसिस नहीं है और इसे निर्णायक स्वास्थ्य प्रमाण नहीं माना जाता.
ट्रंप के हेल्थ पर क्या उठे सवाल?
पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति डिक चेनी के हृदय रोग विशेषज्ञ रहे जोनाथन रेनर ने कहा कि रिपोर्ट कई अहम सवालों के जवाब नहीं देती. उन्होंने सवाल किया कि बार-बार हार्ट सीटी स्कैन क्यों किए जा रहे हैं? क्या दिन में थकान या नींद आने की शिकायतों की जांच हुई? अगर हृदय स्वस्थ है तो एस्पिरिन की जरूरत क्यों पड़ रही है? वहीं कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के मेडिसिन विभाग के प्रमुख बॉब वाख्टर ने कहा कि आमतौर पर साल में एक बार फिजिकल जांच होती है, लेकिन ट्रंप का यह उनके दूसरे कार्यकाल का चौथा सार्वजनिक मेडिकल चेकअप था.
ट्रंप ने खुद क्या कहा?
रिपोर्ट जारी होने से पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया था कि उनका मेडिकल टेस्ट ‘परफेक्टली’ यानी पूरी तरह शानदार रहा. रविवार को उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कॉग्निटिव टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
पहले भी विवादों में रही हैं मेडिकल रिपोर्ट
ट्रंप की सेहत को लेकर सवाल नए नहीं हैं. 2016 के चुनाव अभियान के दौरान उनके डॉक्टर ने दावा किया था कि ट्रंप ‘अमेरिकी इतिहास के सबसे स्वस्थ राष्ट्रपति’ होंगे. बाद में उसी डॉक्टर ने कहा था कि वह पत्र ट्रंप ने खुद डिक्टेट कराया था.
2024 के चुनाव अभियान में भी ट्रंप ने अपने मेडिकल रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया. यही वजह है कि उनकी हर मेडिकल रिपोर्ट राजनीतिक और सार्वजनिक बहस का हिस्सा बन जाती है.
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें




