Donald Trump News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की साख में फिर बट्टा लगा है. ईरान जंग के चलते डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता लगातार गिर रही है. अमेरिका के लोग अब उनसे त्रस्त होने लगे हैं. डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग लगातार रसातल में जा रही है. जी हां, डोनाल्ड ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग यानी अनुमोदन दर उनके राजनीतिक करियर के सबसे निचले स्तर के करीब पहुंच गई है. ईरान युद्ध के चलते ईंधन की बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई को लेकर अमेरिकी वोटरों में निराशा बनी हुई है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स और इप्सोस की ओर से एक सर्वे कराया गया है. इस सर्वे में केवल 35 प्रतिशत लोगों ने वाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप के प्रदर्शन को मंजूरी दी. यानी महज 35 फीसदी लोग ही डोनाल्ड ट्रंप के कामकाज से खुश हैं. यह आंकड़ा अप्रैल के सर्वे में दर्ज 34 प्रतिशत के निचले स्तर के करीब है और दिसंबर 2017 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के सर्वकालिक न्यूनतम 33 प्रतिशत के भी पास है.
पेट्रोल-डीजल के दाम पर घिरे ट्रंप
रिपब्लिकन नेता ट्रंप को ईरान युद्ध और बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. युद्ध के 100 दिन पूरे होने के बावजूद ट्रंप ईरान के साथ शांति समझौता करने में नाकाम रहे हैं, जिससे समय-समय पर ऊर्जा कीमतों में उछाल आया है.
हालांकि, हाल के हफ्तों में युद्ध के खत्म होने की संभावना के चलते कीमतों में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन सर्वे के मुताबिक करीब 59 प्रतिशत लोगों का मानना है कि अगले साल गैस की कीमतें और बढ़ेंगी. सिर्फ 17 प्रतिशत लोगों ने कहा कि कीमतें बेहतर होंगी. बाकी लोगों ने कहा कि वे कीमतों को लेकर निश्चित नहीं हैं.
अमेरिका-इजरायल ने किया था ईरान पर अटैक
डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के साथ मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमला किया था. इससे पूरी दुनिया में हलचल मच गई. ईरान ने भी पलटवार किया. उसने पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल के ठिकानों पर जवाबी हमला किया. उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को भी बंद कर दिया. जिस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दुनिया का पांचवां हिस्सा तेल गुजरता है, वह अब भी बंद है. इसके चलते ही वैश्विक ऊर्जा कीमतों पर असर पड़ा है.
ट्रंप से 70 फीसदी पब्लिक नाराज
सर्वे के मुताबिक, महंगाई से निपटने के डोनाल्ड ट्रंप के तरीके से 70% फीसदी लोग असंतुष्ट हैं. सर्वे में यह भी सामने आया कि अमेरिका में केवल 22 प्रतिशत लोगों ने घरेलू महंगाई से निपटने के ट्रंप के तरीके को मंजूरी दी. 70 प्रतिशत लोगों ने साफ तौर पर ट्रंप के घरेलू मुद्दे से निपटने के तरीके को नकार दिया. यानी 70 फीसदी लोगों का मानना है कि डोनाल्ड ट्रंप से अमेरिका और मौजूदा हालात संभल नहीं रहे.
ट्रंप के लिए यह सर्वे बड़ा झटका
यह सर्वे डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि उनके पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन को महंगाई के मुद्दे पर 29 प्रतिशत समर्थन और 63 प्रतिशत अस्वीकृति मिली थी. ये आंकड़े ट्रंप को जो बाइडेन से भी कमजोर दिखाते हैं, जिन्होंने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से खुद को अलग कर लिया था.
बाइडन की गई थी कुर्सी
जो बाइडेन को कई सालों तक ऊंची महंगाई से जूझना पड़ा, जिसका खामियाजा डेमोक्रेट्स को 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में हार के रूप में भुगतना पड़ा. डोनाल्ड ट्रंप ने महंगाई और लगातार ऊंची ईंधन कीमतों को ठीक करने का वादा किया था, लेकिन ये मुद्दे नवंबर के मध्यावधि चुनाव में उनकी पार्टी की उम्मीदों पर भारी पड़ रहे हैं. ईरान पर अमेरिकी हमलों को लेकर 36 प्रतिशत अमेरिकियों ने इन हमलों को मंजूरी दी. वहीं 25 प्रतिशत ने कहा कि इन हमलों के फायदे लागत के मुकाबले ज्यादा रहे हैं.




