इससे पहले आज दोपहर नीतीश कुमार ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के लिए एक भावुक पोस्ट भी किया। नीतीश कुमार ने पोस्ट में लिखा, “आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है, चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो या महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है, चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो या कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।” उन्होंने कहा कि हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।





