Last Updated:
Kidney disease in summer : गर्मियों में शरीर में पानी की कमी एक आम समस्या है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका सीधा असर हमारी किडनी पर पड़ता है. पर्याप्त पानी न पीने से किडनी स्टोन और किडनी फेल होने तक का खतरा रहता है. जो लोग धूप में ज्यादा समय बिताते हैं या पर्याप्त पानी नहीं पीते, उनमें यह जोखिम और बढ़ जाता है. लोकल 18 से गाजियाबाद के किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. एलके झा बताते हैं कि सामान्य दिनों में एक व्यक्ति को रोजाना 1.5 से 2 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए.
गाजियाबाद. गर्मियों में बढ़ती गर्मी के साथ शरीर में पानी की कमी एक आम समस्या बन जाती है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका सीधा असर हमारी किडनी पर पड़ता है. पर्याप्त पानी न पीना किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकता है जिसमें किडनी स्टोन और किडनी फेल होने तक का खतरा शामिल है. खासकर जो लोग धूप में ज्यादा समय बिताते हैं या पर्याप्त पानी नहीं पीते, उनमें यह जोखिम और बढ़ जाता है. गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में कार्यरत डॉ. एलके झा (किडनी रोग विशेषज्ञ) बताते हैं कि हमारी किडनी का मुख्य काम शरीर में मौजूद अतिरिक्त पानी और जहरीले तत्वों को फिल्टर करके बाहर निकालना होता है. ये टॉक्सिन्स पानी में घुलकर ही शरीर से बाहर निकलते हैं.
जब शरीर में पानी की कमी हो जाती है तो पेशाब कम बनने लगता है और वह ज्यादा गाढ़ा हो जाता है. ऐसे में जो हानिकारक तत्व बाहर निकलने चाहिए वे शरीर में ही जमा होने लगते हैं. जब ये तत्व ज्यादा मात्रा में जमा होते हैं तो किडनी को उन्हें फिल्टर करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. जो मिनरल्स सामान्य रूप से पानी में घुलकर बाहर निकल जाते हैं वे पानी की कमी के कारण क्रिस्टल का रूप लेने लगते हैं और धीरे-धीरे पथरी बन सकती है. इसलिए डिहाइड्रेशन किडनी स्टोन बनने का एक बड़ा कारण है.
क्या हैं लक्षण
पानी की मात्रा को लेकर डॉ. झा कहते हैं कि सामान्य दिनों में एक व्यक्ति को रोजाना करीब 1.5 से 2 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए लेकिन गर्मियों में या जब आप घर से बाहर ज्यादा समय बिताते हैं तो यह मात्रा बढ़ाकर कम से कम 2.5 से 3 लीटर कर देनी चाहिए. जो लोग ज्यादा एक्सरसाइज करते हैं या पसीना ज्यादा बहाते हैं उन्हें 3 से 4 लीटर तक पानी पीना जरूरी होता है. हर घंटे की एक्सरसाइज के हिसाब से करीब 1 लीटर अतिरिक्त पानी लेना चाहिए. किडनी की समस्या के शुरुआती लक्षणों पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है. सांस फूलना, भूख कम लगना, बार-बार उल्टी आना जैसे लक्षण नजर आएं तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. शरीर में कमजोरी, मानसिक भ्रम और पेशाब में बदलाव भी किडनी की परेशानी के संकेत हो सकते हैं.
इनसे बचें
गर्मी के मौसम में बुजुर्ग, छोटे बच्चे और वे लोग जो दर्द निवारक दवाइयों का ज्यादा सेवन करते हैं उन्हें खास सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर अगर वे कम पानी पीते हैं और ज्यादा धूप में रहते हैं तो किडनी पर इसका बुरा असर पड़ सकता है. डाइट के मामले में डॉक्टर का कहना है कि सबसे जरूरी चीज पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेना है. बाहर का खुला और अस्वच्छ खाना खाने से बचना चाहिए क्योंकि इससे पेट में संक्रमण और दस्त हो सकते हैं, जो शरीर में पानी की कमी को और बढ़ा देते हैं.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें





