Last Updated:
US Historical Snow Cyclone: अमेरिका में इस वक्त प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर हमले की योजना बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुदरत ने पूर्वोत्तर अमेरिका के खिलाफ अलग ही साजिश रची है. हालात ये है कि न्यूयॉर्क में आपातकाल जैसी स्थिति है और पूरा शहर ही ठप पड़ गया है. बर्फबारी जिस रफ्तार से हो रही है मानो वो पूरे शहर को दफन कर देने पर तुली है.
बर्फीले तूफान ने न्यूयॉर्क को आपातकाल में डाला.
एक शक्तिशाली और तेज असर वाला बॉम्ब साइक्लोन अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है. वर्जीनिया से लेकर मेन तक भारी बर्फबारी हो रही है और 4 करोड़ से ज्यादा लोग बर्फीले तूफान की चेतावनी के दायरे में हैं. तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में दो फीट तक बर्फ गिर सकती है, जबकि फिलाडेल्फिया, न्यूयॉर्क और बोस्टन में एक फुट से अधिक बर्फबारी की संभावना है. ये कई जगहों पर पिछले कई दशकों की सबसे भीषण बर्फबारी होगी.
अमेरिका के उत्तर–पूर्वी हिस्से में इस तूफान की वजह से कई शहरों में यात्रा पर रोक लगा दी गई, स्कूल बंद कर दिए गए और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. वॉशिंगटन से लेकर बोस्टन तक भारी बर्फबारी और तेज हवाओं का असर देखने को मिला. नेशनल वेदर सर्विस ने इसे उत्तर–पूर्व के लिए बड़ा शीतकालीन तूफान बताया है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक उत्तरी मिड-अटलांटिक और उत्तर–पूर्वी इलाकों में तेज बर्फबारी होगी.
न्यूयॉर्क में आपातकाल के हालात
शहर में रातभर के लिए यात्रा प्रतिबंध लागू है और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं. साल 2019 के बाद यह शहर का पहला आधिकारिक स्नो डे है, जब सब कुछ बंद कर दिया गया है.
कुछ जगहों पर एक घंटे में दो से तीन इंच तक बर्फ गिरने की संभावना जताई गई. कई क्षेत्रों में कुल बर्फबारी दो फीट तक हो सकती है. इससे हालात ऐसे बन सकते हैं कि यात्रा करना लगभग असंभव है.
बर्फीले तूफान का बड़ा असर. (Credit- Reuters)
यातायात पूरी तरह ठप
खराब मौसम और सफेद धुंध जैसी स्थिति के कारण सार्वजनिक परिवहन रोक दिया गया है, कई जगहों पर यात्रा प्रतिबंध लागू हैं और लोगों को सड़कों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है. अब तक लगभग 8,000 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें से अधिकांश न्यूयॉर्क सिटी के हवाई अड्डों से आने-जाने वाली थीं. कई हिस्सों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है. न्यूयॉर्क सिटी के मौसम विभाग ने इसे ऐतिहासिक बर्फीला तूफान कहा है. न्यूयॉर्क सिटी में रविवार रात 9 बजे से सोमवार दोपहर तक यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया.
मेयर जोहरन ममदानी ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर ने पिछले दस सालों में इस पैमाने के तूफान का सामना नहीं किया है. हम न्यूयॉर्क के लोगों से सभी गैर-जरूरी यात्रा से बचने के लिए कह रहे हैं. शहर के स्कूल भी बंद रहेंगे. साल 2019 के बाद यह पहला पारंपरिक स्नो डे होगा.
2 फीट तक बर्फ जमने की आशंका. (Credit- Reuters)
कई जगहों पर जारी की गई एडवाइजरी
न्यू जर्सी में भी रात 9 बजे से यात्रा पर रोक लगाई गई. वहीं रोड आइलैंड में लोगों से शाम 7 बजे के बाद सड़कों पर न निकलने को कहा गया. जैसे-जैसे तूफान तेज हुआ, कई राज्यों ने आपातकाल घोषित कर दिया. बोस्टन और पूर्वी मैसाचुसेट्स के अधिकांश हिस्सों में दो फीट तक बर्फ गिरने का अनुमान है. यहां हवाओं की रफ्तार 75 मील प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. बोस्टन के मौसम विभाग ने इसे ऐतिहासिक और विनाशकारी तूफान बताया है. राजधानी वाशिंगटन डीसी में भी कई इंच गीली बर्फ गिरने की संभावना है. मौसम सर्विस ने चेतावनी दी कि तेज तटीय हवाएं डेलावेयर से केप कॉड तक तटीय बाढ़ ला सकती हैं. सेंट्रल अप्पलाचियन से तटीय मेन तक लगभग 54 मिलियन लोग तूफान के रास्ते में थे, जिन्हें बर्फीले तूफान की चेतावनी का सामना करना पड़ रहा है.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…और पढ़ें





