राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस की प्रचंड जीत, बीजेपी को बड़ा झटका
कांग्रेस ने पंचायत समिति की 3758 सीट जीती, बीजेपी 2213 सीट पर सिमटी
सीएम भजनलाल शर्मा के गृह जिले और वसुंधरा के गढ़ में बीजेपी की करारी हार
गहलोत ने नतीजों को बीजेपी के खिलाफ ग्रामीण मतदाताओं का स्पष्ट संदेश बताया
राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजेपी को बड़ा झटका देते हुए प्रचंड जीत हासिल की है। राज्य निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पंचायत समिति की 7520 सीटों के परिणाम आए हैं जिनमें कांग्रेस ने 3758 और बीजेपी ने 2213 सीटें जीती हैं। इसी तरह जिला परिषद के सदस्यों के लिए हुए चुनाव के घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 744 और बीजेपी ने 349 सीटों पर जीत दर्ज की है।
राजस्थान के पंचायत चुनाव के नतीजों पर राहुल गांधी ने कहा, “राजस्थान के ग्रामीण भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद। पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी ज़िम्मेदारी है। ये जवाब बीजेपी की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है – सीधे “डबल इंजन” को।”
राहुल गांधी ने आगे कहा, “बीजेपी ने मनरेगा पर हमला किया, किसान को घाटे में डुबोया, पंचायतों के अधिकार छीने। महंगाई, बेरोज़गारी और पलायन ने गाँव सूने कर दिए। गाँव सब देख रहा था, सह रहा था। अब उसने बोल दिया है। ये सिर्फ़ राजस्थान का जनादेश नहीं – देश के हर गाँव की आवाज़ है।”




