Last Updated:
Palace on Wheels Rajasthan Tour: इस पहले फेरे में पैलेस ऑन व्हील्स से कुल 64 पर्यटक बीकानेर पहुंचे. इनमें दो भारतीय और 62 विदेशी पर्यटक शामिल थे. स्टेशन पर स्वागत समारोह के दौरान राजस्थानी गीत-संगीत और बैंड की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया.
बीकानेर. राजस्थान में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही विश्व प्रसिद्ध शाही ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स का सफर भी शुरू हो गया है. इसी कड़ी में पैलेस ऑन व्हील्स अपने पहले फेरे पर बीकानेर पहुंची. लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर शाही ट्रेन के आगमन को लेकर खास तैयारियां की गईं. यहां देशी-विदेशी पर्यटकों का राजस्थानी परंपरा और शाही अंदाज में स्वागत किया गया. प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मेहमानों की अगवानी के लिए रेड कारपेट बिछाया गया. वहीं तिलक लगाकर और फूलमालाएं पहनाकर पर्यटकों का स्वागत किया गया. शाही ट्रेन से बीकानेर पहुंचे पर्यटकों के चेहरे पर भी इस खास स्वागत की खुशी नजर आई.
इस पहले फेरे में पैलेस ऑन व्हील्स से कुल 64 पर्यटक बीकानेर पहुंचे. इनमें दो भारतीय और 62 विदेशी पर्यटक शामिल थे. स्टेशन पर स्वागत समारोह के दौरान राजस्थानी गीत-संगीत और बैंड की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया. राजस्थानी धुनें सुनकर विदेशी मेहमान भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए. कई पर्यटक संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए. बीकानेर की पारंपरिक मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक रंग देखकर विदेशी सैलानी अभिभूत दिखाई दिए.
संस्कृति और परंपराओं से रूबरू होने का एक खास अवसर
लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर पैलेस ऑन व्हील्स के पहुंचने से पहले ही स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रेड कारपेट बिछाया गया था. जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, पर्यटकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत शुरू हो गया. मेहमानों को तिलक लगाया गया और फूलमालाएं पहनाई गईं. इसके साथ ही राजस्थानी बैंड की धुनों ने स्वागत समारोह को खास बना दिया. विदेशी पर्यटक अपने कैमरों में इस अनूठे स्वागत के पलों को कैद करते नजर आए. शाही ट्रेन में सफर करने वाले पर्यटकों के लिए यह अनुभव राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू होने का एक खास अवसर रहा.
शाही ट्रेन से आए पर्यटक गजनेर पैलेस पहुंचेंगे
बीकानेर भ्रमण के दौरान शाही ट्रेन से आए पर्यटक गजनेर पैलेस पहुंचेंगे. यहां पर्यटक महल की ऐतिहासिक स्थापत्य कला के साथ आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरम नजारों का आनंद लेंगे. गजनेर पैलेस अपनी ऐतिहासिक पहचान और प्राकृतिक वातावरण के लिए देश-विदेश में जाना जाता है. झील और हरियाली के बीच स्थित यह महल पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है. पैलेस ऑन व्हील्स के यात्रियों के लिए गजनेर का भ्रमण बीकानेर की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती को करीब से देखने का अवसर होगा.
पहले फेरे के साथ ही बीकानेर के पर्यटन कारोबारियों में उत्साह
पैलेस ऑन व्हील्स के पर्यटन सीजन के पहले फेरे के साथ ही बीकानेर के पर्यटन कारोबारियों में उत्साह देखने को मिल रहा है. पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि शाही ट्रेन के नियमित फेरों से शहर में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी. इसका सीधा फायदा होटल, टैक्सी, टूरिस्ट गाइड, हस्तशिल्प और स्थानीय बाजार से जुड़े कारोबारियों को मिल सकता है.
About the Author
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…




