नए साल पर भीड़ से बचना है? भारत की इन कम मशहूर जगहों पर मनाएं छुट्टियां


नए साल का स्वागत अगर शोर-शराबे, लंबी कतारों और टूरिस्ट की भीड़ से दूर करना चाहते हैं, तो इस बार किसी लोकप्रिय हिल स्टेशन के बजाय कम चर्चित जगहों का रुख करें. भारत में कई ऐसी खूबसूरत डेस्टिनेशन हैं, जहां पहाड़, नदी, ऐतिहासिक धरोहर और सुकून भरा माहौल छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं.

चौकोरी, उत्तराखंड

अगर नए साल पर पहाड़ों के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं, तो उत्तराखंड के चौकोरी का रुख कर सकते हैं. कुमाऊं क्षेत्र में स्थित यह छोटा-सा हिल स्टेशन करीब 2,010 मीटर की ऊंचाई पर है. यहां से पंचाचूली की बर्फ से ढकी चोटियों का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. देवदार के जंगल, चाय के बागान और फलों के बगीचे इस जगह की खूबसूरती बढ़ाते हैं. यहां आप प्रकृति के बीच सैर करने के साथ शानदार सूर्योदय और सूर्यास्त का आनंद ले सकते हैं.

नेतरहाट, झारखंड

झारखंड की नेतरहाट को छोटानागपुर की रानी भी कहा जाता है. यह जगह अपने खूबसूरत सूर्योदय और सूर्यास्त के लिए जानी जाती है. यहां घने चीड़ के जंगल, हरी-भरी पहाड़ियां और शांत वातावरण देखने को मिलता है. मैग्नोलिया सनसेट पॉइंट और सनराइज पॉइंट यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. अगर आप नए साल की शुरुआत प्रकृति के बीच करना चाहते हैं, तो नेतरहाट अच्छा विकल्प हो सकता है.

माजुली, असम

भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशनों से अलग कुछ अनुभव करना चाहते हैं, तो असम के माजुली जा सकते हैं. ब्रह्मपुत्र नदी में बसा यह द्वीप अपनी सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर है. यहां के सत्र (वैष्णव मठ), पारंपरिक मुखौटा बनाने की कला, मिट्टी के बर्तन और स्थानीय जनजीवन देखने लायक हैं. नदी के किनारे समय बिताना और आसपास के गांवों को करीब से जानना इस यात्रा को खास बना सकता है. यहां पहुंचने के लिए जोरहाट के निमाती घाट से फेरी लेनी होती है.

ओरछा, मध्य प्रदेश

इतिहास और वास्तुकला में दिलचस्पी रखने वालों के लिए मध्य प्रदेश का ओरछा एक अच्छा विकल्प है. बेतवा नदी के किनारे बसा यह ऐतिहासिक कस्बा अपने महलों, मंदिरों और छतरियों के लिए जाना जाता है. जहांगीर महल, राजा महल और चतुर्भुज मंदिर यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. नदी के आसपास का शांत माहौल और ऐतिहासिक इमारतें इसे आम टूरिस्ट डेस्टिनेशन से अलग बनाती हैं.

दीव

अगर नए साल पर पहाड़ों के बजाय समुद्र किनारे छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो दीव जा सकते हैं. यहां के घोघला बीच और नागोआ बीच पर समुद्र का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. इसके अलावा दीव का ऐतिहासिक किला भी घूमने लायक है. यहां समुद्र किनारे सैर करने, स्थानीय खानपान का आनंद लेने और आराम से समय बिताने का मौका मिलता है.

घूमने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

नए साल के दौरान कम चर्चित जगहों पर भी पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है. इसलिए होटल और आने-जाने के टिकट पहले से बुक करें. पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति जरूर जांच लें. माजुली जैसे द्वीपीय इलाकों में फेरी के समय और उपलब्धता की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img