Last Updated:
Jawai Leopard Safari: दीपावली की छुट्टियों में पाली का जवाई क्षेत्र देशभर के पर्यटकों से गुलजार है. गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा से सैलानी यहां लेपर्ड और हिल सफारी का आनंद लेने पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि सालों पहले रोजगार के लिए जन्मभूमि छोड़कर गए लोग भी जवाई की बदली तस्वीर और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान देखकर हैरान हैं.
पाली. राजस्थान का जवाई क्षेत्र इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है, दीपावली की छुट्टियों में यहां गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं. कोई यहां लेपर्ड सफारी का आनंद ले रहा है तो कोई पहाड़ियों के बीच हिल सफारी और प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठा रहा है. खास बात यह है कि इस बार जवाई घूमने आए पर्यटकों में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिनकी जड़ें इसी मिट्टी से जुड़ी हैं.
महाराष्ट्र से एक परिवार दीपावली की छुट्टियों में जवाई घूमने पहुंचा, इस परिवार का जन्म इसी क्षेत्र में हुआ था, लेकिन कामकाज के सिलसिले में कई साल पहले वे महाराष्ट्र जाकर बस गए थे. उस समय जवाई क्षेत्र में पर्यटन की इतनी पहचान नहीं थी. अब सालों बाद जब वे अपनी जन्मभूमि लौटे तो यहां का बदला हुआ नजारा देखकर हैरान रह गए. जिस इलाके को वे कभी साधारण समझकर छोड़ गए थे, आज वहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी पर्यटक लेपर्ड और हिल सफारी का आनंद लेने पहुंच रहे हैं.
पहाड़ियों पर दिख रहे तेंदुए, सफारी का ले रहे आनंद
जवाई क्षेत्र में इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है, बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र में कोठार और दुदनी के आसपास पर्यटक लेपर्ड सफारी कर रहे हैं. पहाड़ियों और बड़ी-बड़ी चट्टानों के बीच तेंदुओं को खुले में घूमते देखकर सैलानी रोमांचित हो रहे हैं. कभी तेंदुए चट्टानों पर आराम करते नजर आते हैं तो कभी पहाड़ी रास्तों से गुजरते दिखाई देते हैं. कई बार पर्यटकों को तेंदुओं की शिकार करने जैसी गतिविधियां भी देखने को मिल जाती हैं. जवाई की खासियत यह है कि यहां तेंदुए पिंजरों या किसी बंद जगह में नहीं, बल्कि अपने प्राकृतिक आवास में रहते हैं. इसी वजह से पर्यटकों को वन्यजीवों को उनके असली वातावरण में देखने का मौका मिलता है. सफारी के दौरान सैलानी अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों को भी करीब से देख रहे हैं.
लेपर्ड सफारी के साथ हिल सफारी भी बनी पसंद
जवाई में केवल लेपर्ड सफारी ही नहीं, बल्कि हिल सफारी भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है. ग्रेनाइट की ऊंची पहाड़ियों, चट्टानों और जलाशयों के बीच घूमने का अनुभव सैलानियों को खूब पसंद आ रहा है. पहाड़ियों से आसपास का प्राकृतिक नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. पर्यटक यहां फोटोग्राफी करने और प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने पहुंच रहे हैं. दीपावली की छुट्टियों में जवाई में पर्यटकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है. गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब और हरियाणा से आए सैलानी सफारी का आनंद ले रहे हैं. अब सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ यहां पर्यटन गतिविधियां और बढ़ने की उम्मीद है. आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा. जवाई की बढ़ती पहचान अब उन लोगों को भी अपनी ओर खींच रही है, जो कभी इसी धरती पर पले-बढ़े थे और रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाकर बस गए थे.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…




