शेयर बाजार में तीन दिन से जारी तेजी पर लगा ब्रेक और दिसंबर में 0.25% बढ़ सकता है रेपो रेट


अक्टूबर में खुदरा मुद्रास्फीति के 6.09 प्रतिशत पर पहुंचने के बाद नीतिगत ब्याज दर में वृद्धि की आशंका के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तीन दिन से जारी तेजी थम गई। सेंसेक्स 318 अंक गिरकर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 155 अंक की गिरावट रही।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39 प्रतिशत गिरकर 81,592.45 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 622.26 अंक यानी 0.75 प्रतिशत तक लुढ़क कर 81,288.75 पर आ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 155.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूटकर 25,144.30 पर बंद हुआ। इस महीने दोनों मानक सूचकांकों में आई यह पहली बड़ी गिरावट है।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, ट्रेंट और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज बढ़त के साथ बंद हुए।

अक्टूबर में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो दो साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक के ऊपरी संतोषजनक स्तर (छह प्रतिशत) से अधिक है। इसके बाद अर्थशास्त्रियों ने अगले महीने केंद्रीय बैंक द्वारा नीतिगत दर में बढ़ोतरी किए जाने की आशंका जताई है।

पीएल कैपिटल के मुख्य व्यवसाय अधिकारी विक्रम कसाट ने कहा, ”मौजूदा गिरावट से पता चलता है कि बाजार ऊंची महंगाई, रुपये में गिरावट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के मेल से असहज हो रहा है। वैश्विक अनिश्चितताएं जहां सतर्कता के माहौल को बढ़ा रही हैं, वहीं कंपनियों का मार्जिन, खपत और भारत के चालू खाते के घाटे पर ऊर्जा की ऊंची कीमतों के असर को लेकर चिंताएं भी है।”

उन्होंने कहा कि महंगाई के आरबीआई की सहनशील सीमा से बाहर निकलने के साथ ही मौद्रिक नीति में फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है, जिससे बाजार में टिकाऊ सुधार की गुंजाइश सीमित हो जाएगी।

व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सिलेक्ट सूचकांक में 0.09 प्रतिशत और स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक में 0.02 प्रतिशत की बढ़त रही।

बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों बात करें तो रियल्टी में 1.70 प्रतिशत, वाहन में 1.19 प्रतिशत, जिंस में 1.11 प्रतिशत, धातु में 0.93 प्रतिशत, तेल एवं गैस में 0.76 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक में 0.68 प्रतिशत, बीमा में 0.67 प्रतिशत और बैंकेक्स में 0.64 प्रतिशत की गिरावट आई।

दूसरी ओर दूरसंचार, पूंजीगत सामान, बिजली और अस्पताल क्षेत्र के सूचकांकों में बढ़त दर्ज की गई। बीएसई पर कुल 2,462 शेयरों में गिरावट रही, जबकि 1,965 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए और 245 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img