Travel: हाथों पर चढ़ने वाले गहरे रंग की कहानी जाननी है? पहुंच जाएं सोजत, यहां ये अनुभव करेंगे हैरान


पाली. जब भी हाथ में रचने वाली गहरी लाल मेहंदी का जिक्र होता है, तो सबसे पहला नाम आता है पाली जिले के ऐतिहासिक शहर ‘सोजत’ का. सोजत सिर्फ व्यापार का केंद्र नहीं है, बल्कि यह इतिहास, संस्कृति और रोमांच का एक महत्वपूर्ण स्थान के रूप में अपनी पहचान बना चुका है. सोजत आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण है यहां का ‘मेहंदी पर्यटन’. यहां पर्यटक खेतों में मेहंदी उगाने से लेकर, किसानों द्वारा कटाई और फैक्ट्रियों में पाउडर बनने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देख और समझ सकते हैं. इसके अलावा सोजत का विशाल किला और प्राचीन मंदिर यहां आने वालों का मन मोह लेते हैं.

दुनियाभर में अपनी खास लाल-रंग देने वाली ‘विश्व प्रसिद्ध सोजत मेहंदी’ (Sojat Mehndi) के लिए पहचाना जाने वाला सोजत सिर्फ एक औद्योगिक शहर नहीं है, बल्कि यह इतिहास, धर्म और प्रकृति की अनुपम विरासत समेटे हुए है. अगर आप सोजत घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां ऐसी कई खास जगहें और अनुभव हैं जो आपकी यात्रा को यादगार बना देंगे. तो आइए आपको कराते हैं सोजत के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स और यहां की विश्व प्रसिद्ध मेहंदी की एक खूबसूरत सैर…

मेहंदी की खूशबू के साथ ले सकते हैं प्रोसेसिंग की पूरी जानकारी

सोजत के आसपास फैले हरे-भरे मेहंदी के खेतों में पर्यटक घूम सकते हैं. यहां किसान किस तरह मेहनत से मेहंदी की फसल उगाते हैं, उसकी कटाई करते हैं और सुखाते हैं. यह सब पर्यटक अपनी आंखों से देख सकते हैं. खेतों के बाद मेहंदी को फैक्ट्रियों में कैसे लाया जाता है, कैसे उसे पीसकर बिल्कुल बारीक पाउडर बनाया जाता है और उसकी ऑर्गेनिक प्रोसेसिंग कैसे होती है, इसका पूरा डेमो पर्यटक फैक्ट्रियों में ले सकते हैं. पर्यटक खुद अपने हाथों पर ताज़ा और शुद्ध सोजती मेहंदी लगवाने का अनुभव भी ले सकते हैं, जो दुनिया भर में अपने गहरे रंग और नेचुरल खुशबू के लिए जानी जाती है.

सोजत के ऐतिहासिक किले से दिखता है विहंगम नजारा

सुकड़ी नदी के किनारे एक पहाड़ी पर स्थित सोजत का किला यहां के वैभवशाली इतिहास की गवाही देता है. राव जोधा के पुत्रों द्वारा निर्मित और समय-समय पर सुदृढ़ किया गया यह किला अपनी विशाल प्राचीरों, मेहराबों और स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है. किले की चोटी से पूरे सोजत शहर का विहंगम और खूबसूरत नज़ारा दिखाई देता है.

सोजत में दर्शन के लिए हैं कई प्राचीन मंदिर

सोजत और इसके आसपास धार्मिक पर्यटन के भी कई प्रमुख केंद्र हैं. किले के भीतर स्थित अम्बा माता का प्रचीन मंदिर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आस्था का बड़ा केंद्र है. वहीं पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यहां से सूर्यास्त का नज़ारा बेहद मनमोहक दिखता है. सोजत के आसपास स्थित ये धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं को शांति और आध्यात्मिकता का अहसास कराते हैं.

सोजत का पारंपरिक बाज़ार भी है खास

सोजत का मुख्य बाज़ार भी अपनी पारंपरिकता का चादर ओढ़े हुए है. पर्यटकों के लिए यह खरीदारी का मुफ़ीद स्थान है. यहां पर्यटक विश्व प्रसिद्ध जीआई टैग प्राप्त सोजत मेहंदी के विभिन्न प्रोडक्ट्स, स्थानीय हस्तशिल्प, राजस्थानी बंधेज के कपड़े और पारंपरिक मिठाइयों का आनंद ले सकते हैं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img