Vacation की तस्वीरें क्लिक करने के बजाय अब लोग डेस्टीनेशन की ‘एक आवाज’ रिकॉर्ड कर रहे हैं, क्या है Audio Travel Trend?


Audio Travel Trend: छुट्टियों पर किसी खूबसूरत जगह पहुंचते ही फोन कैमरा खोलना अब लगभग आदत बन चुका है. पहाड़ दिखे तो फोटो, झरना दिखा तो वीडियो और किसी खास जगह पर पहुंचे तो सेल्फी, लेकिन कुछ यात्री अब इसी आदत को थोड़ा बदल रहे हैं. वे कैमरे के साथ अपने फोन का रिकॉर्डर भी खोलते हैं और उस जगह की खास आवाज को सहेज लेते हैं. समुद्र की लहरें, पहाड़ों में चलती हवा, मंदिर की घंटियां, बाजार की हलचल या किसी शांत गांव में पक्षियों की आवाज, ये सब यात्रा की याद का हिस्सा बन रहे हैं.

इसी सोच से जुड़ा है ऑडियो ट्रैवल या साउंड टूरिज्म, जिसमें किसी जगह को सिर्फ देखकर नहीं बल्कि सुनकर महसूस करने पर ध्यान दिया जाता है.

क्या है ऑडियो ट्रैवल ट्रेंड
ऑडियो ट्रैवल का सीधा मतलब है किसी जगह की पहचान से जुड़ी आवाजों को ध्यान से सुनना और उन्हें रिकॉर्ड करके याद के तौर पर रखना. इसे साउंड टूरिज्म या सोनिक टूरिज्म से भी जोड़ा जाता है. इस तरह की यात्रा में खूबसूरत नजारा महत्वपूर्ण है, लेकिन उसके साथ मौजूद ध्वनियां भी अनुभव का हिस्सा बन जाती हैं. दुनिया में ऐसे कई स्थान हैं जहां आवाज खुद आकर्षण का हिस्सा है. सोनिक वंडर्स जैसे प्रोजेक्ट अलग-अलग जगहों की खास ध्वनियों को दर्ज करते हैं और लोगों को किसी स्थान को उसके साउंडस्केप के जरिए जानने के लिए प्रेरित करते हैं.

सिर्फ रिकॉर्डिंग नहीं, याद रखने का अलग तरीका
मान लीजिए आप किसी समुद्र किनारे गए. वहां खींची गई तस्वीर आपको यह याद दिलाएगी कि पानी कैसा दिख रहा था, लेकिन लहरों की लगातार आवाज सुनते ही उस जगह का माहौल शायद ज्यादा जल्दी याद आ जाए. इसी तरह किसी पहाड़ी रास्ते पर हवा की आवाज, रेलवे स्टेशन की घोषणा या सुबह किसी छोटे शहर में सुनाई देने वाली चिड़ियों की आवाज उस यात्रा की अलग पहचान बन सकती है. यही वजह है कि ऑडियो ट्रैवल को केवल तकनीकी शौक समझना सही नहीं होगा. यह यात्रा को देखने के साथ सुनने का तरीका भी है. पर्यटन से जुड़े शोध में भी साउंडस्केप को किसी स्थान की पहचान और वहां के अनुभव से जुड़ा महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है.

मोबाइल ने आसान कर दी यह यात्रा
कुछ साल पहले किसी जगह की अच्छी क्वालिटी वाली फील्ड रिकॉर्डिंग करना सामान्य यात्री के लिए आसान नहीं था. अब स्मार्टफोन में रिकॉर्डिंग की सुविधा होने से कोई भी व्यक्ति बिना अलग उपकरण के छोटी-छोटी आवाजें सहेज सकता है. यही बदलाव साउंड आधारित यात्रा के अनुभव को आम यात्रियों के लिए ज्यादा आसान बनाता है. सोशल मीडिया ने भी इसमें एक नई दिलचस्पी पैदा की है. पहले यात्रा की याद फोटो एल्बम में रहती थी. अब कोई व्यक्ति कुछ सेकंड की रिकॉर्डिंग के साथ यह भी बता सकता है कि उस जगह पर सुबह कैसी आवाज आती थी या शाम के समय बाजार का माहौल कैसा था.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

कौन सी आवाजें बन सकती हैं ट्रैवल मेमोरी
ऑडियो ट्रैवल के लिए किसी खास जगह की असाधारण आवाज ढूंढना जरूरी नहीं है. कई बार सामान्य लगने वाली आवाज ही सबसे खास याद बन जाती है. गांव में सुबह की घंटी, बारिश के बाद पत्तों से गिरता पानी, स्टेशन पर आती ट्रेन, समुद्र की लहरें, जंगल में पक्षियों की आवाज या किसी पुराने भवन में गूंजती आवाज रिकॉर्ड की जा सकती है. भारत में भी ऐसी जगहें हैं जहां वास्तुकला और आवाज का अनुभव साथ मिलता है. उदाहरण के लिए कर्नाटक के गोल गुम्बज की प्रसिद्ध whispering gallery अपनी ध्वनि और गूंज के लिए जानी जाती है. सोनिक वंडर्स की सूची में गोल गुम्बज और गोलकोंडा जैसे भारतीय स्थल भी शामिल हैं.

रिकॉर्ड करते समय एक बात रखें ध्यान
ऑडियो ट्रैवल का मकसद किसी जगह की शांति या स्थानीय माहौल को खराब करना नहीं है. रिकॉर्डिंग करते समय तेज आवाज में बात करना, जानबूझकर शोर पैदा करना या दूसरे लोगों की बातचीत रिकॉर्ड करना उचित नहीं है. प्राकृतिक स्थानों पर भी आसपास के माहौल और स्थानीय नियमों का ध्यान रखना चाहिए.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img