क्या आपने कभी सोचा है कि आज से 1000 साल बाद धरती कैसी होगी? क्या इंसान तब भी इसी तरह शहर बसाकर रहेगा, या प्रलय आ जाएगी? वैज्ञानिकों ने इसी सवाल का जवाब तलाशने के लिए धरती की 10 टेक इमेज बनाई. इस मॉडल में दिखाया कि एक हजार साल धरती कहां और कैसी नजर आएगी. इसमें कहीं आपको तरक्की नजर आएगी तो कहीं बार बार तबाही की तस्वीर दिखेगी.
यह प्रोजेक्ट जैनस से जुड़े शोधकर्ताओं की रिसर्च का हिस्सा है. पहली रिसर्च में जैकब हॉक-मिस्रा, जॉर्ज प्रोफितिलियोटिस और रवि कोप्पारापु ने अगले 1,000 साल के लिए तकनीकी सभ्यता के 10 संभावित सिनेरियो तैयार किए. इसका मकसद यह पता लगाना था कि टेक्नोलॉजी, संसाधन, समाज, गवर्नेंस और पर्यावरण में बदलाव होने पर इंसानी सभ्यता किस तरह आगे बढ़ सकती है या संकट में फंस सकती है.
कितनी बार कोलैप्स कर सकती है धरती
इसके बाद 2026 में सेलिया ब्लांको, जैकब हॉक-मिस्रा और जॉर्ज प्रोफितिलियोटिस ने इन्हीं 10 सिनेरियो पर 1,000 साल की कंप्यूटर सिमुलेशन चलाई. इस रिसर्च में देखा गया कि अलग-अलग परिस्थितियों में सभ्यता कितने समय तक टेक्नोलॉजिकल रूप से सक्रिय रह सकती है, कितनी बार कोलैप्स कर सकती है और कोलैप्स के बाद कितनी बार रिकवरी कर सकती है.
कैसे बनाए गए 10 भविष्य के मॉडल?
पहली रिसर्च में वैज्ञानिकों ने फ्यूचर्स स्टडीज, पेस्ट एनालिसिस यानी राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और टेक्नोलॉजिकल फैक्टर्स तथा क्रॉस-कंसिस्टेंसी असेसमेंट जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया.
इसका मतलब यह है कि वैज्ञानिकों ने यह नहीं कहा कि भविष्य में सिर्फ एक ही रास्ता होगा. उन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों को आपस में मिलाकर देखा. इसके बाद ऐसे 10 सिनेरियो चुने गए, जो अपने अंदर एक-दूसरे से जुड़े हुए और तार्किक थे.
इन 10 सिनेरियो के नाम हैं. बिग ब्रदर इज वॉचिंग, वाइल्ड वेस्ट, गोल्डन एज, लिविंग विद द लैंड, ट्रांसह्यूमनिज्म, स्वॉर्ड ऑफ डैमोकल्स, रेस्टोरेशन, ओरोबोरोस, ड्यूस एक्स मशीना और आउट ऑफ ईडन. इनमें कहीं संसाधनों की कमी है, कहीं बहुत ज्यादा टेक्नोलॉजिकल तरक्की, कहीं केंद्रीकृत गवर्नेंस और कहीं सभ्यता के बार-बार कोलैप्स और रिकवरी का मॉडल है.
गोल्डन एज में लगातार आगे बढ़ती है सभ्यता
गोल्डन एज मॉडल में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल इंसानी जरूरतों को पूरा करने के लिए होता है. संसाधनों की कमी बहुत कम हो जाती है और सभ्यता लंबे समय तक स्थिर रहती है.
इस मॉडल में धरती सभ्यता का मुख्य केंद्र बनी रहती है. इसके साथ चंद्रमा, मंगल और सौरमंडल के दूसरे हिस्सों में छोटी बस्तियां भी मौजूद हो सकती हैं. यानी इस सिनेरियो में टेक्नोलॉजी और संसाधनों के बीच ऐसा संतुलन बन जाता है, जिससे सभ्यता लगातार आगे बढ़ती रहती है.
बिग ब्रदर में बढ़ती है निगरानी
इसके उलट बिग ब्रदर इज वॉचिंग मॉडल में संसाधनों की कमी और केंद्रीकृत गवर्नेंस के कारण समाज काफी अलग रूप लेता है. इस मॉडल में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर निगरानी के लिए होता है. धरती पर बहुत घनी आबादी वाले शहरी इलाके बनते हैं और इंसानों की गतिविधियों पर टेक्नोलॉजी के जरिए नजर रखी जाती है. यानी टेक्नोलॉजी यहां भी बहुत आगे है, लेकिन उसका इस्तेमाल किस तरह हो रहा है, यही सभ्यता की दिशा बदल देता है.
स्वॉर्ड ऑफ डैमोकल्स में टेक्नोलॉजी ही बन सकती है खतरा
स्वॉर्ड ऑफ डैमोकल्स सिनेरियो में सभ्यता बहुत ज्यादा टेक्नोलॉजी पर निर्भर हो जाती है. पूरा सिस्टम बेहद जटिल होता है और किसी बड़े व्यवधान की स्थिति में इसका असर पूरी सभ्यता पर पड़ सकता है. यानी यहां समस्या टेक्नोलॉजी की कमी नहीं बल्कि उस पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता हो सकती है.
ओरोबोरोस में बार-बार गिरती और उठती है सभ्यता
सबसे दिलचस्प मॉडल ओरोबोरोस है. इसमें सभ्यता का विकास सीधी लाइन में नहीं होता. सभ्यता आगे बढ़ती है, फिर किसी बड़े संकट के कारण कोलैप्स करती है. इसके बाद बची हुई टेक्नोलॉजी और संसाधनों के सहारे रिकवरी होती है और सभ्यता दोबारा विकसित होने लगती है. यानी 1,000 साल का इतिहास एक लगातार आगे बढ़ती सभ्यता के बजाय कई बार गिरने और फिर खड़े होने की कहानी हो सकता है.
2026 की रिसर्च में क्या किया गया?
2026 में प्रकाशित रिसर्च ने इन 10 सिनेरियो को कंप्यूटर मॉडल में डालकर उनकी 1,000 साल तक सिमुलेशन की. वैज्ञानिकों ने इसके लिए हाइब्रिड डिटरमिनिस्टिक-स्टोकास्टिक मॉडल का इस्तेमाल किया. आसान भाषा में कहें तो मॉडल में कुछ चीजें तय नियमों के हिसाब से चलती हैं, जबकि कुछ घटनाओं में प्रॉबेबिलिटी यानी संभाव्यता शामिल की गई.
सिमुलेशन में हर साल सभ्यता की टेक्नोलॉजिकल कैपेसिटी और उपलब्ध संसाधनों को देखा गया. अगर संसाधन बहुत कम हो जाते हैं या कोई बड़ा एग्जिस्टेंशियल हैज़र्ड सामने आता है, तो मॉडल में सभ्यता का कोलैप्स हो सकता है. इसके बाद टेक्नोलॉजिकल कैपेसिटी गिरती है और एक रिकवरी पीरियड शुरू होता है. कुछ समय बाद उपलब्ध संसाधनों के आधार पर सभ्यता दोबारा आगे बढ़ सकती है.
वैज्ञानिकों ने 2,000 सिमुलेशन क्यों चलाए?
रिसर्च में सिर्फ एक बार कंप्यूटर मॉडल चलाकर नतीजा नहीं निकाला गया. वैज्ञानिकों ने हर सिनेरियो की 200 इंडिपेंडेंट सिमुलेशन चलाईं. 10 सिनेरियो और हर सिनेरियो की 200 सिमुलेशन को मिलाकर कुल 2,000 सिमुलेशन रन हुए. इससे वैज्ञानिकों को यह देखने में मदद मिली कि अलग-अलग संभावित परिस्थितियों में परिणाम कितना बदल सकता है.
मॉडल में शुरुआती रिसोर्स स्टॉक, रिसोर्स डिप्लीशन रेट, कोलैप्स के बाद बची टेक्नोलॉजी, रिकवरी में लगने वाला समय और रिकवरी के बाद वापस मिलने वाले संसाधनों जैसे पैरामीटर्स शामिल किए गए.
कुछ मॉडल में 1,000 साल तक नहीं हुआ कोलैप्स
सिमुलेशन में गोल्डन एज और आउट ऑफ ईडन जैसे सिनेरियो में 1,000 साल की मॉडल अवधि के दौरान लगातार टेक्नोलॉजिकल एक्टिविटी बनी रही. ट्रांसह्यूमनिज्म मॉडल में भी ज्यादातर सिमुलेशन में सभ्यता लंबे समय तक सक्रिय रही. इसके उलट बिग ब्रदर इज वॉचिंग और स्वॉर्ड ऑफ डैमोकल्स में शुरुआती दौर में ही कोलैप्स देखने को मिला. इन मॉडल में पहला कोलैप्स औसतन 210 साल से पहले आया.
ड्यूटी साइकल क्या है?
इस रिसर्च में एक अहम शब्द है ड्यूटी साइकल. ड्यूटी साइकल यह बताता है कि 1,000 साल की कुल अवधि में सभ्यता कितने समय तक टेक्नोलॉजिकल रूप से सक्रिय रही. अगर किसी मॉडल का ड्यूटी साइकल 1.0 है तो इसका मतलब है कि मॉडल में पूरी 1,000 साल की अवधि के दौरान टेक्नोलॉजिकल एक्टिविटी जारी रही. अगर ड्यूटी साइकल 0.38 है तो इसका मतलब है कि मॉडल की कुल अवधि के करीब 38 फीसदी हिस्से में सभ्यता टेक्नोलॉजिकल रूप से सक्रिय रही.
ओरोबोरोस में बार-बार कोलैप्स और रिकवरी
ओरोबोरोस मॉडल में औसतन करीब दो कोलैप्स देखने को मिले. इसके बावजूद इसका ड्यूटी साइकल करीब 0.87 रहा. वहीं रेस्टोरेशन मॉडल में कोलैप्स के बाद रिकवरी का पैटर्न ज्यादा दिखाई दिया. इसमें औसतन करीब 7.5 रिकवरी साइकल सामने आए और ड्यूटी साइकल लगभग 0.57 रहा.
लिविंग विद द लैंड मॉडल में भी बार-बार कोलैप्स और रिकवरी का पैटर्न दिखाई दिया. इसका ड्यूटी साइकल लगभग 0.38 रहा. इसका मतलब यह नहीं है कि भविष्य में वास्तव में यही होगा. यह सिर्फ उन मान्यताओं के आधार पर कंप्यूटर मॉडल का नतीजा है, जिन्हें वैज्ञानिकों ने इन सिनेरियो के लिए तय किया था.
एलियन सभ्यताओं से इसका क्या कनेक्शन है?
इस रिसर्च का एक महत्वपूर्ण हिस्सा एलियन सभ्यताओं की खोज से भी जुड़ा है. वैज्ञानिक यह समझना चाहते हैं कि अगर किसी दूसरे ग्रह पर कोई टेक्नोलॉजिकल सभ्यता मौजूद है, तो उसके कामकाज के निशान अंतरिक्ष से कैसे पहचाने जा सकते हैं. इन्हें टेक्नोसिग्नेचर कहा जाता है.
किसी तकनीकी सभ्यता की औद्योगिक गतिविधियों से वातावरण में कुछ गैसों की मात्रा बढ़ सकती है. रिसर्च में नाइट्रोजन डाइऑक्साइड यानी एनओ₂ और कुछ सीएफसी जैसी औद्योगिक गैसों को संभावित टेक्नोसिग्नेचर के उदाहरण के तौर पर देखा गया.




