Actress Shakeela: एक्‍ट्रेस शकीला की दुर्गत‍ि देख लीजिए, फ‍िर कभी नहीं करेंगे रील्‍स देखने वक्‍त ये गलती


जिस स्मार्टफोन पर आप अभी ये खबर पढ़ रहे हैं, जरा एक सेकंड के लिए रुकिए और खुद को नोटिस कीजिए. क्या आप अपनी गर्दन झुकाए हुए हैं? या फिर बिस्तर पर आड़े-तिरछे लेटकर स्क्रीन स्क्रॉल कर रहे हैं? अगर आपका जवाब हां है, तो तुरंत सीधे बैठ जाइए! बैठने के इसी अंदाज ने साउथ फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस शकीला का वो हाल कर द‍िया क‍ि अब वह बेड से उठ भी नहीं पा रही हैं. रील्‍स देखने की उनकी इस आदत ने न स‍िर्फ अस्‍पताल पहुंचाया, बल्‍क‍ि लाखों का फटका भी पड़ गया.

90 और 2000 के दशक में अपनी फिल्मों से सिनेमाघरों में तूफान लाने वालीं शकीला आज बेहद दर्दनाक स्थिति से गुजर रही हैं. उन्होंने खुद अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर कर अपना दुखड़ा सुनाया है. वीडियो में उनके गले में एक मोटा सा सर्जिकल नेक कॉलर बंधा हुआ है. शकीला ने बताया कि उन्हें गर्दन की एक बेहद गंभीर सर्जरी करवानी पड़ी है. हालत इतनी खराब है कि अपने हाथ से खाना खाने और बिस्तर से उठने जैसे रोजमर्रा के छोटे-छोटे कामों के लिए भी उन्हें अब दूसरों का सहारा लेना पड़ रहा है.

कैसे हुई इतनी बुरी हालत?

शकीला ने वीडियो में बिना किसी झिझक के अपनी वो गलती बताई, जो आजकल हर घर में हर दूसरा इंसान कर रहा है. खुद पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, मैं बिस्तर पर एक करवट लेटकर लगातार चार-चार घंटे तक मोबाइल पर गेम खेला करती थी. मैं अपनी जगह से सिर्फ तब उठती थी, जब मुझे चाय या कॉफी पीनी होती थी. चाय पीकर मैं वापस उसी करवट लेट जाती और गेम खेलने लगती. इसके बाद घंटों तक यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर रील्स देखती रहती.

3 लाख का फटका और असहनीय दर्द

इस लगातार गलत पोस्चर में घंटों लेटे रहने का नतीजा यह हुआ कि उनकी गर्दन की मुख्य नसों पर भयानक दबाव पड़ा और वो डैमेज हो गईं. नसें इस कदर प्रभावित हुईं कि उन्हें सीधे ऑपरेशन टेबल पर ले जाना पड़ा. इस स्मार्टफोन की लत की कीमत उन्हें पूरे 3 लाख रुपये और एक ऐसे दर्द के रूप में चुकानी पड़ी है, जिसे वो ही समझ सकती हैं.

शकीला ने चेताया- बच्चों से दूर रखें ये आफत

दर्द झेलने के बाद शकीला ने अपने फैंस को बहुत सख्त लहजे में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा, फोन काम की चीज है, लेकिन इसका फालतू इस्तेमाल मत करो. बेकार के वीडियो देखना बंद करो, यहां तक कि मेरे वीडियो भी. वरना मेरी तरह 3 लाख रुपये भी गंवाओगे और ऐसा दर्द सहोगे कि बर्दाश्त के बाहर हो जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने माता-पिता से भी गुजारिश की है कि वे अपने छोटे बच्चों के हाथ में गैजेट्स और फोन बिल्कुल न थमाएं, क्योंकि बच्चों की हड्डियां और नसें और भी नाजुक होती हैं.

कौन हैं शकीला?

अगर आप शकीला के बारे में ज्यादा नहीं जानते, तो बता दें कि साल 2000 में आई फिल्म किन्नरतुंबिकल से उन्होंने मलयालम सिनेमा में ऐसा तहलका मचाया था कि उस दौर में बड़े-बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में उनके सामने नहीं टिकती थीं. महज 12 लाख रुपये के बजट में बनी उस फिल्म ने 4 करोड़ रुपये कमाए थे. उस दौर को शकीला वेव कहा जाता था. उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ की कई हिट फिल्मों में भी काम किया है.

तो करना क्‍या चाहिए

अगर आप भी बिस्तर पर लेटकर घंटों रील्स देखते हैं या गेम खेलते हैं, तो अपनी इस आदत को आज ही सुधार लीजिए. फोन चलाते समय उसे अपनी आंखों के सामने रखें, न कि गर्दन झुकाकर. हर 20-30 मिनट में स्क्रीन से नजर हटाएं और अपनी गर्दन को थोड़ा स्ट्रेच करें. मोबाइल की लत आपके बैंक अकाउंट से लेकर आपकी रीढ़ की हड्डी तक, सब कुछ तोड़ सकती है. सतर्क रहिए और शकीला की इस गलती से सबक लीजिए!



Source link

Nemish Agrawal
Nemish Agrawalhttps://tv1indianews.in
Tv Journalist • Editor • Writer Digital Creator • Photographer Travel Vlogger • Web-App Developer IT Cell • Social Worker

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img