Last Updated:
अमेरिका के यूटा में जंगल की भीषण आग के बीच राहत अभियान के दौरान एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे, जिनकी स्थिति अभी साफ नहीं है. यह हादसा उस समय हुआ जब ‘वाइडमाउथ 2’ आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही थी, जो अब तक 1,05,000 एकड़ इलाके में फैल चुकी है. आग पर सिर्फ 19% नियंत्रण हो पाया है और 600 से ज्यादा दमकलकर्मी मौके पर जुटे हैं.
आग बुझाने में लगा हेलीकॉप्टर क्रैश.
अमेरिका के यूटा राज्य में भड़की भीषण जंगल की आग के बीच राहत और बचाव अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया. आग बुझाने में लगा एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर शुक्रवार को क्रैश हो गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं. अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, सिकोरस्की एस-64 हेलीकॉप्टर सुबह करीब 10 बजे रिचफील्ड इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ. इस हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे, लेकिन उनकी हालत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर ‘वाइडमाउथ 2’ नाम की जंगल की आग को बुझाने के मिशन में लगा हुआ था, जो इस समय यूटा की 2026 की दूसरी सबसे बड़ी आग मानी जा रही है. हादसे के तुरंत बाद इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया. फिशलेक नेशनल फॉरेस्ट में तैनात यूएस फॉरेस्ट सर्विस ने भी पुष्टि की है कि स्थानीय, राज्य और फेडरल एजेंसियां मिलकर इस घटना से निपटने में जुटी हैं. अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल प्राथमिकता राहत और सुरक्षा सुनिश्चित करना है, जबकि हादसे से जुड़ी बाकी जानकारी जांच के बाद साझा की जाएगी.
बिजली गिरने से लगी आग
दरअसल, 27 जुलाई को बिजली गिरने से शुरू हुई यह आग अब तक करीब 1,05,000 एकड़ (करीब 425 वर्ग किलोमीटर) इलाके में फैल चुकी है. आग पर अब तक सिर्फ 19 फीसदी ही काबू पाया जा सका है, जिससे हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. 600 से ज्यादा दमकलकर्मी दिन-रात आग बुझाने में लगे हैं, लेकिन सूखी लकड़ियों, झाड़ियों और घास के कारण आग तेजी से फैल रही है. इस आग की चपेट में आकर अब तक कम से कम छह इमारतें तबाह हो चुकी हैं.
गौरतलब है कि हाल के महीनों में अमेरिका में जंगल की आग से जुड़े हादसे बढ़े हैं. जून की शुरुआत में कोलोराडो में भीषण आग में चार दमकलकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल हो गया था. ऐसे में यूटा का यह ताजा हादसा एक बार फिर राहत और बचाव अभियानों की जोखिम भरी हकीकत को सामने लाता है.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ें




