Last Updated:
Health Tips : क्या आप भी काम या सोशल लाइफ के चलते रात 10 बजे के बाद ही डिनर करते हैं? अगर ऐसा है तो सावधान हो जाइये. रात का खाना सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले कर लेना चाहिए. अगर आप 10 बजे सोते हैं, तो आपका डिनर 7 से 8 बजे के बीच हो जाना चाहिए. लेट नाइट भोजन क्यों खतरनाक है, लोकल 18 ने इस बारे में ऋषिकेश के आयुष चिकित्सक डॉ. राजकुमार से बात की. वे बताते हैं कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके हम अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं. अगर आप रोज देर से खाना खाते हैं, तो धीरे-धीरे अपने डिनर का समय पहले करने की कोशिश करें.
ऋषिकेश. रात का खाना हमारी दिनचर्या का एक अहम हिस्सा होता है, लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर इसे नजरअंदाज कर देते हैं. कई लोग काम या सोशल लाइफ के चलते रात 10 बजे के बाद ही खाना खाते हैं, जो धीरे-धीरे एक आदत बन जाती है. देखने में यह सामान्य लग सकता है, लेकिन आयुर्वेद के अनुसार यह आदत शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. आयुर्वेद हमेशा से समय पर और संतुलित भोजन करने पर जोर देता है, क्योंकि यह न केवल पाचन बल्कि पूरे शरीर के संतुलन से जुड़ा होता है.
आयुर्वेद में “पाचन अग्नि” यानी डाइजेशन की शक्ति को बहुत महत्त्वपूर्ण माना गया है. यह अग्नि दिन में सबसे ज्यादा सक्रिय होती है और जैसे-जैसे सूरज ढलता है, इसकी क्षमता कम होने लगती है. यही कारण है कि आयुर्वेद रात का भोजन हल्का और जल्दी करने की सलाह देता है.
लोकल 18 के साथ बातचीत में ऋषिकेश के डॉ. राजकुमार (आयुष) कहते हैं कि जब हम रात 10 बजे या उससे बाद खाना खाते हैं, तो उस समय शरीर की पाचन क्रिया धीमी हो चुकी होती है. ऐसे में खाया गया भोजन पूरी तरह पच नहीं पाता और शरीर में विषैले तत्व यानी टॉक्सिन्स बनने लगते हैं. यही टॉक्सिन्स आगे चलकर कई बीमारियों की वजह बन सकते हैं. देर रात खाना खाने का सबसे पहला असर हमारे पेट पर दिखाई देता है. कई लोगों को गैस, एसिडिटी, पेट में भारीपन और अपच की शिकायत होने लगती है.
बार-बार टूटती नींद
डॉ. राजकुमार बताते हैं कि जब खाना सही तरीके से पचता नहीं है, तो शरीर में अतिरिक्त फैट जमा होने लगता है, जिससे वजन बढ़ने की समस्या भी सामने आती है. जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे होते हैं, उनके लिए यह आदत सबसे बड़ी रुकावट बन सकती है. इतना ही नहीं, देर रात खाना खाने से नींद की क्वालिटी भी प्रभावित होती है. पेट भरा होने के कारण शरीर को आराम नहीं मिल पाता और नींद बार-बार टूटती है.
रात का खाना सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले कर लेना चाहिए. अगर आप 10 बजे सोते हैं, तो आपका डिनर 7 से 8 बजे के बीच हो जाना चाहिए. इससे शरीर को भोजन पचाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है और आप हल्का महसूस करते हैं. रात के खाने में भारी, तला-भुना और ज्यादा मसालेदार भोजन से बचना चाहिए. इसकी जगह खिचड़ी, दाल, हल्की सब्जियां या सूप जैसे आसानी से पचने वाले विकल्प बेहतर माने जाते हैं.
ऐसे बदलें आदत
छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके हम अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं. अगर आप रोज देर से खाना खाते हैं, तो धीरे-धीरे अपने डिनर का समय पहले करने की कोशिश करें. शुरुआत में 15 से 20 मिनट पहले खाना खाएं और फिर इसे धीरे-धीरे 8 बजे तक ले आएं. यह बदलाव छोटा जरूर है, लेकिन इसका असर लंबे समय तक देखने को मिलता है.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें





