Last Updated:
Peaceful Hidden Places Near Nainital: जब भी समर सीजन या वीकेंड में लोग पहाड़ों का रुख करते हैं, तो नैनीताल आने वाले ज्यादातर लोगों के दिमाग में नैनीझील, स्नो व्यू और मॉल रोड जैसी जगहों की तस्वीर उभरती है. लेकिन अगर आप भीड़भाड़ से दूर पहाड़ों का असली सुकून महसूस करना चाहते हैं, तो नैनीताल के आसपास मौजूद कुछ खूबसूरत ऑफबीट जगहें आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती हैं. जहां पर न तो ज्यादा भीड़ मिलती है और न ही शहर जैसा शोरगुल. यहां पहुंचकर आप हरी-भरी वादियों, शांत वातावरण, पहाड़ी गांवों और हिमालयी नजारों का आनंद ले सकते हैं. खास बात यह है कि ये सभी जगह नैनीताल से कुछ ही दूरी पर हैं और आप यहां एक दिन की ट्रिप में भी आसानी से घूम सकते हैं. अगर इस बार नैनीताल जा रहे हैं, तो इन छिपी हुई खूबसूरत जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.
पर्यटन सीजन में नैनीताल आने वाले अधिकांश पर्यटक नैनीझील, स्नो व्यू, टिफिन टॉप और केव गार्डन जैसे प्रसिद्ध स्थलों तक ही सीमित रह जाते हैं. लेकिन नैनीताल के आसपास कई ऐसी ऑफबीट लोकेशन मौजूद हैं, जहां प्रकृति अपने सबसे खूबसूरत और शांत रूप में दिखाई देती है. ये जगहें भीड़भाड़ से दूर हैं और यहां पहुंचकर पर्यटक पहाड़ों की असली खूबसूरती का अनुभव कर सकते हैं. खास बात यह है कि ये सभी स्थान नैनीताल से कुछ ही दूरी पर स्थित हैं.

नैनीताल से कुछ किलोमीटर दूर कालढुंगी मार्ग पर स्थित मंगोली अपने शांत वातावरण और मनमोहक दृश्यों के लिए जाना जाता है. यहां से दिखाई देने वाली घाटियां और दूर-दूर तक फैले जंगल बेहद मनमोहक नाजर आते हैं. सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का दृश्य बेहद आकर्षक हो जाता है. प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं मानी जाती.

गेठिया नैनीताल की फुटहिल्स में बसा एक खूबसूरत गांव है. यह जगह भवाली- ज्योलिकोट मार्ग के बीच में बसा है. यहां की हरियाली, ठंडी हवाएं और शांत माहौल पर्यटकों को खास आकर्षित करते हैं. सड़क किनारे बहते प्राकृतिक जलस्रोत और घने जंगल इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. वीकेंड में यहां आने वाले पर्यटक शहर के शोर-शराबे से दूर सुकून के कुछ पल बिताते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

यदि आप पहाड़ों के ग्रामीण जीवन को करीब से देखना चाहते हैं तो बजून गांव आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यहां पारंपरिक कुमाऊंनी संस्कृति, सीढ़ीनुमा खेत और स्थानीय लोगों की सरल और पहाड़ी जीवनशैली देखने को मिलती है. गांव की पगडंडियों पर टहलते हुए पर्यटक पहाड़ी जीवन के वास्तविक स्वरूप को महसूस कर सकते हैं. यह जगह प्रकृति और संस्कृति से जुड़ा नैनीताल शहर के पास स्थित है. यहां आपको कई टैंट और कैंप मिल जाएंगे जहां रुककर आप यहां की खूबसूरती का आनन्द ले सकते हैं.

नैनीताल के पास स्थित बगड़ गाँव अपनी हरी-भरी वादियों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है. यहां दूर तक फैले खेत और जंगल पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का अलग अनुभव कराते हैं. मानसून और गर्मियों के दौरान यह इलाका और भी ज्यादा आकर्षक दिखाई देता है. यहां पहुंचकर ऐसा महसूस होता है मानो समय कुछ देर के लिए ठहर गया हो और प्रकृति अपनी पूरी भव्यता के साथ सामने खड़ी हो.

भूमियाधार नैनीताल के पास भवाली मार्ग पर स्थित है. प्रकृति की गोद में बसी ये जगह बेहद खूबसूरत है. यहां बना नीम करौली का प्रसिद्ध भूमियाधार आश्रम भी है. यही वजह है यह जगह आध्यात्म की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है. यहां से दिखने वाले नैनीताल की पहाड़ी और कुमाऊं की पहाड़ियों के नजारे दिल छू जाएंगे. साफ मौसम में यहां से दिखाई देने वाले नजारे पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं. शांत वातावरण और ठंडी हवाओं के बीच सूर्योदय और सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा लोगों को लंबे समय तक याद रहता है. फोटोग्राफर्स के लिए भी यह एक पसंदीदा लोकेशन है.

नैनीताल के मुक्तेश्वर के पास बसा बेहद खूबसूरत कस्बा ससबनी एक ऐसी ऑफबीट लोकेशन है, जिसके बारे में बहुत कम पर्यटक जानते हैं. यहां घने जंगल, पहाड़ी ढलान और प्राकृतिक शांति का अनूठा संगम देखने को मिलता है. भीड़ से दूर यह स्थान उन लोगों के लिए आदर्श है जो प्रकृति के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं. यहां का वातावरण मानसिक शांति का एहसास कराता है और यात्रा को यादगार बना देता है.

नैनीताल के पास बसे इन सभी स्थानों की सबसे खास बात यह है कि ये शहर से ज्यादा दूर नहीं हैं. पर्यटक कुछ ही घंटों के सफर में इन खूबसूरत लोकेशनों तक पहुंच सकते हैं. सड़क मार्ग से जुड़े होने के कारण यहां पहुंचना आसान है. यही वजह है कि अब धीरे-धीरे पर्यटक इन ऑफबीट डेस्टिनेशन की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं और अपनी यात्रा में इन्हें शामिल कर रहे हैं.

अगर आप इस पर्यटन सीजन में नैनीताल आने की योजना बना रहे हैं तो केवल प्रसिद्ध स्थलों तक ही सीमित न रहें. बल्कि मंगोली, गेठिया, बजून, बगड़, भूमियाधार और ससबनी जैसी ऑफबीट जगहें आपकी ट्रिप को और भी खास बना सकती हैं. यहां का सुकून, प्राकृतिक सौंदर्य और पहाड़ों की ताजगी आपको एक अलग अनुभव देंगे.




