टेनिस बॉल लेकर क्यों ट्रैवल कर रहे हैं लोग? लंबी यात्रा का दर्द कैसे मिनटों में कर रहा दूर, हैरान रह जाएंगे जानकर


Travel Hack : लम्बी फ्लाइट्स, रात भर का ट्रेन ट्रैवल या फिर घंटों की रोड ट्रिप… सुनने में तो ये सब बहुत एडवेंचरस लगते हैं, लेकिन इस सफर में जो शरीर की बैंड बजती है, उसका क्या? तंग सीटें, पैर फैलाने की कम जगह और घंटों एक ही पोजीशन में बैठे रहने से पीठ अकड़ जाती है, पैर भारी हो जाते हैं और शरीर में बेचैनी होने लगती है. अक्सर लोग सफर में आराम के लिए नेक पिलो (गर्दन का तकिया), आई मास्क या खास मोजे लेकर चलते हैं. लेकिन आजकल स्मार्ट ट्रैवलर्स और एक्सपर्ट्स अपने बैग में एक बेहद अजीब और छोटी सी चीज रख रहे हैं एक टेनिस बॉल (Tennis Ball)!

जी हां, चौंकिए मत! यह छोटी सी, हल्की टेनिस बॉल आपके सफर के दर्द को मिनटों में गायब कर सकती है. दिल्ली के मशहूर फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. आकाश दीप शर्मा (MPT, ऑस्टियोपैथ और फिजियोडेंट स्टूडियो के ओनर) ने बताया कि सफर के दौरान होने वाला दर्द लगातार बैठे रहने और मूवमेंट न होने की वजह से होता है. ऐसे में यह छोटी सी बॉल जादू की तरह काम करती है. आइए जानते हैं कि आखिर सफर में एक टेनिस बॉल आपके किस-किस काम आ सकती है:

सफर में टेनिस बॉल कैसे करती है जादू?

कमर और कूल्हों (Hips) के दर्द से तुरंत आराम
घंटों बैठे रहने से लोअर बैक और हिप्स की मांसपेशियां जाम हो जाती हैं. डॉ. आकाश दीप बताते हैं, “सफर के दौरान सीट पर बैठे-बैठे ही टेनिस बॉल को एक तरफ के हिप के नीचे रखें और हल्की बॉडी को गोल-गोल घुमाएं. एक मिनट बाद यही चीज दूसरी तरफ करें.” इससे मांसपेशियों की अकड़न तुरंत कम हो जाती है, वो भी बिना आस-पास के पैसेंजर्स को परेशान किए.

गर्दन और कंधे की जकड़न गायब
जब सीट पर बैठे-बैठे गर्दन अकड़ जाए, तो अपनी सीट को थोड़ा पीछे झुकाएं. अब टेनिस बॉल को अपनी पीठ के ऊपरी हिस्से और सीट के बीच फंसा लें. इसके बाद अपनी बॉडी को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिलाएं. यह बॉल एक्यूप्रेशर की तरह काम करेगी और आपकी मसल्स को रिलैक्स कर देगी.

पैरों का भारीपन और सुन्न होना बंद
लगातार पैर लटकाकर बैठने से पैरों में ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है. इससे बचने के लिए बॉल को फर्श पर रखें और अपने पैर के तलवे (Foot) से उसे आगे-पीछे रोल करें. ऐसा करने से पैरों की नसें खुलती हैं, ब्लड फ्लो बेहतर होता है और पैर हल्के महसूस होते हैं.

सफर की सुस्ती और थकान होगी दूर
जब शरीर में खून का दौरा सही रहता है, तो थकान हावी नहीं होती. टेनिस बॉल से छोटी-मोटी एक्सरसाइज करने से शरीर के जरूरी प्रेशर पॉइंट्स एक्टिव हो जाते हैं, जिससे टिश्यूज ढीले होते हैं. नतीजा यह होता है कि जब आप अपनी मंजिल पर पहुंचते हैं, तो थके-हारे नहीं बल्कि एकदम फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस करते हैं.

बॉल इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान (Safety Tips)-

हल्का दबाव दें: बॉल को बहुत जोर से शरीर पर न चुभाएं. मकसद दर्द दूर करना है, बढ़ाना नहीं.
चोट पर न आजमाएं: अगर शरीर में कहीं पहले से चोट या सूजन है, तो वहां इसका इस्तेमाल न करें.
धीमी मूवमेंट: झटके से बॉडी न हिलाएं, धीरे-धीरे और आराम से बॉल को रोल करें.
ब्रेक भी लें: सिर्फ बॉल पर भरोसा न करें, हर 30 मिनट में अपनी पोजीशन बदलें और मौका मिलने पर थोड़ा टहल लें.

अंत में, अगली बार जब आप पैकिंग करें, तो अपने कपड़ों और गैजेट्स के साथ बैग के एक कोने में एक टेनिस बॉल जरूर डाल लें. यह छोटा सा नुस्खा आपके सफर को दर्दमुक्त और आरामदायक बना देगा!



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img