Last Updated:
Must Visit Offbeat Places Near Nainital: नैनीताल में इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे माल रोड और नैनी झील के आसपास भारी ट्रैफिक और शोर-शराबा देखने को मिल रहा है. ऐसे में अब सैलानी शहर की भीड़भाड़ से दूर सुकून और शांति की तलाश में नैनीताल के आसपास सुकून वाली खूबसूरत जगहों की तलाश में हैं. अगर आप भी शहर की भीड़ से दूर नैनीताल से मात्र 15 से 50 किलोमीटर के दायरे में सुकून के पल ढूंढ रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद खास है. हम आपको कुछ ऐसे डेस्टिनेशन के बारे में बताएंगे जहां आपको न सिर्फ ठंडी हवाएं और हिमालय का अद्भुत नजारा मिलेगा, बल्कि ट्रैफिक की झंझट से भी मुक्ति मिलेगी. जानिए नैनीताल के पास मौजूद 6 ऐसे ठिकानों के बारे में, जहां आप अपनी गर्मियों की छुट्टियों को बेहद सुकून के साथ यादगार बना सकते हैं.
नैनीताल से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित पंगोट प्रकृति प्रेमियों और बर्ड वॉचिंग के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. घने जंगलों और शांत वातावरण के बीच बसे इस छोटे से गांव में 250 से अधिक पक्षियों की प्रजातियां देखने को मिलती हैं. यहां सुबह की ठंडी हवा और पहाड़ों पर छाई धुंध पर्यटकों को खास अनुभव देती है. शहर की भीड़ और ट्रैफिक से दूर पंगोट में आप आरामदायक ट्रेकिंग, कैंपिंग और नेचर फोटोग्राफी का आनंद ले सकते हैं.

नैनीताल से लगभग 55 किमी दूर स्थित शीतला अपनी शांति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है. यह जगह उन पर्यटकों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो भीड़भाड़ से दूर सुकून के पल बिताना चाहते हैं. यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. सुबह के समय सूर्योदय का दृश्य बेहद आकर्षक लगता है. हरियाली से घिरी यह जगह फैमिली ट्रिप और कपल्स के लिए खास मानी जाती है. यहां पहुंचने का सफर भी खूबसूरत पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरता है.

नैनीताल मुक्तेश्वर पर स्थित नथुआखान नैनीताल के आसपास तेजी से लोकप्रिय हो रहा ऑफबीट डेस्टिनेशन है. यहां से नथुआखान की दूरी 48 किमी है. यहां का शांत माहौल, ठंडी हवाएं और पहाड़ों की खूबसूरती पर्यटकों को खूब पसंद आती है. यह जगह खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहतर है जो शहर के शोर-शराबे से दूर प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं. यहां छोटे-छोटे होमस्टे और कैफे भी पर्यटकों को लोकल अनुभव देते हैं. साफ मौसम में यहां से हिमालय की चोटियों का अद्भुत दृश्य दिखाई देता है, जो यात्रा को यादगार बना देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

घुघुखाम नैनीताल के पास छिपा एक बेहद खूबसूत गांव हैं, जो नैनीताल से लगभग 17 किमी दूर है, यह जगह अपने सूर्योदय और सूर्यास्त के खूबसूरत नजारे के लिए जानी जाती है. यह जगह ट्रेकिंग और नेचर वॉक पसंद करने वाले पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. क्योंकि यहां से कई खूबसूरत ट्रैक्स भी जाते हैं, यहां के जंगल, पहाड़ी रास्ते और शांत वातावरण लोगों को शहर की भागदौड़ से राहत देते हैं. गर्मियों के दौरान यहां का मौसम बेहद सुहावना बना रहता है. कम भीड़ होने के कारण पर्यटक यहां आराम से समय बिता सकते हैं. परिवार और दोस्तों के साथ शांत माहौल में छुट्टियां बिताने के लिए यह जगह परफेक्ट मानी जाती है.

गागर नैनीताल के पास स्थित एक बेहद खूबसूरत और शांत पर्यटन स्थल है. यह जगह अपने शानदार व्यू पॉइंट्स और हिमालय की बर्फीली चोटियों के दृश्य के लिए जानी जाती है. यहां का शांत वातावरण और ठंडी हवाएं पर्यटकों को रिलैक्स महसूस कराती हैं. सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा बेहद मनमोहक दिखाई देता है. फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह खास आकर्षण का केंद्र है. अगर आप भीड़ से दूर प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं, तो गागर जरूर जाएं.

भवाली- अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खैरना, बेहद खूबसूरत जगह है. यहां स्थित फ्रॉग पॉइंट इन दिनों पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यह जगह अपनी अनोखी प्राकृतिक संरचना और घाटियों के शानदार नजारों के लिए जानी जाती है. यहां से दिखाई देने वाले पहाड़ और नीचे बहती नदी का दृश्य बेहद खूबसूरत लगता है. सुबह और शाम के समय यहां का मौसम काफी सुहावना रहता है. कम भीड़ होने के कारण लोग यहां आराम से फोटोग्राफी और प्रकृति का आनंद ले सकते हैं. रोड ट्रिप पसंद करने वालों के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन है.

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर पर्यटक सुबह जल्दी सफर शुरू करें तो ट्रैफिक से काफी हद तक बचा जा सकता है. नैनीताल पर्यटन से जुड़े कारोबारी दिनेश बताते हैं कि सुबह के समय पहाड़ी रास्तों पर भीड़ कम रहती है, जिससे सफर आरामदायक बन जाता है. इसके अलावा ऑफबीट जगहों तक पहुंचने में भी आसानी होती है. सुबह की ठंडी हवाएं और शांत माहौल यात्रा के अनुभव को और बेहतर बना देते हैं. ऐसे में अगर आप नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो सुबह जल्दी निकलना आपके ट्रिप को ज्यादा शानदार बना सकता है.

अब पर्यटक सिर्फ नैनी झील और माल रोड तक नहीं घूमना चाहते बल्कि लोग भीड़भाड़ से दूर शांत और प्राकृतिक जगहों की तलाश कर रहे हैं. यही वजह है कि नैनीताल के आसपास मौजूद ऑफबीट डेस्टिनेशन तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. यहां पर्यटकों को प्रकृति के करीब समय बिताने, लोकल संस्कृति को जानने और रिलैक्स महसूस करने का मौका मिलता है. कम ट्रैफिक, शांत वातावरण और खूबसूरत नजारों के कारण ये जगहें फैमिली ट्रिप, कपल्स और एडवेंचर लवर्स के लिए बेहतरीन विकल्प बनती जा रही हैं.




