मोटोरोला ने भारत में अपना नया मिड-प्रीमियम स्मार्टफोन मोटोरोला एज 70 फ्यूजन लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इस डिवाइस को दमदार बैटरी, हाई-रिफ्रेश-रेट डिस्प्ले और AI फीचर्स के साथ पेश किया है. फोन की शुरुआती कीमत ₹24,999 रखी गई है, जिससे यह सेगमेंट में एक मजबूत ऑप्शन बन सकता है.
मोटोरोला के मुताबिक ये स्मार्टफोन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट, मोटोरोला की ऑफिशियल वेबसाइट और ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.
कीमत और ऑफर
मोटोरोला एज 70 फ्यूजन को तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है.
- 8GB RAM + 128GB स्टोरेज – ₹26,999
- 8GB RAM + 256GB स्टोरेज – ₹29,999
- 12GB RAM + 256GB स्टोरेज – ₹32,999
हालांकि बैंक और एक्सचेंज ऑफर्स के बाद इनकी प्रभावी कीमतें कम हो जाती हैं. ऑफर के बाद 8GB+128GB वेरिएंट ₹24,999 में, 8GB+256GB ₹27,999 में और 12GB+256GB मॉडल ₹30,999 में खरीदा जा सकेगा. कंपनी HDFC Bank और Axis Bank के क्रेडिट कार्ड पर ₹2,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दे रही है.
बिक्री और उपलब्धता
मोटोरोला ने बताया कि इस स्मार्टफोन की अर्ली बर्ड सेल के बाद ओपन सेल 12 मार्च से फ्लिपकार्ट, मोटोरोला.इन और ऑफलाइन स्टोर्स पर शुरू होगी. फोन को तीन पैंटोन-क्यूरेटेड कलर ऑप्शन – ब्लू सर्फ, कर्ट्री एयर और सिलिहॉयट में लॉन्च किया गया है.
डिस्प्ले और परफॉर्मेंस
मोटोरोला एज 70 फ्यूजन में 6.78-इंच का 1.5K क्वाड-कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और HDR10+ सपोर्ट के साथ आता है. इसकी पीक ब्राइटनेस 5200 निट्स तक जाती है और स्क्रीन को Corning Gorilla Glass 7i से प्रोटेक्ट किया गया है.
परफॉर्मेंस के लिए इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 7s जेन 4 प्रोसेसर दिया गया है, जिसके साथ 12GB तक RAM और 256GB तक स्टोरेज का ऑप्शन मिलता है. बेहतर थर्मल मैनेजमेंट के लिए फोन में वेपर-चेंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है.
कैमरा और बैटरी
फोटोग्राफी के लिए फोन में 50MP का Sony LYTIA 710 मेन कैमरा OIS के साथ दिया गया है. इसके अलावा 13MP का अल्ट्रा-वाइड + मैक्रो कैमरा और 32MP का फ्रंट कैमरा मिलता है. फोन सभी लेंस से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है.
पावर के लिए फोन में 7000mAh की बड़ी सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 68W TurboPower फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है.
AI और दूसरे फीचर्स
ये स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 पर बेस्ड हेलो UI पर चलता है. इसमें मोटो AI, गूगल जेमीनी, माइक्रोसॉफ्ट कोपाइलट और परप्लेक्सिटी AI का इंटीग्रेशन भी दिया गया है. इसके अलावा फोन में IP68 और IP69 वाटर रेजिस्टेंस, MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन, Wi-Fi 6E, ब्लूटूथ 6.0 और NFC जैसे फीचर्स भी शामिल हैं.





