चाय पीने का चलन हजारों साल पुराना है. आज भी इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. मौसम चाहे सर्दी का हो, बारिश का या फिर तपती गर्मी का, चाय प्रेमी इसे पीना नहीं छोड़ते. पिछले दिनों टी डे यानी विश्व चाय दिवस 21 मई को मनाया गया. गर्मियों में ज्यादा गर्म चाय पीने से शरीर का तापमान बढ़ सकता है. ऐसे में फूलों से बनी हर्बल टी एक हेल्दी और रिफ्रेशिंग विकल्प बनकर सामने आती है.
फूलों की चाय क्यों है खास?
कमल, गुड़हल, गुलाब, मौलश्री और पारिजात जैसे फूलों से तैयार की गई चाय शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ तनाव कम करने और दिनभर एनर्जी बनाए रखने में मदद करती है. आयुर्वेद के अनुसार, फूलों में कई औषधीय गुण पाए जाते हैं. इनसे बनी चाय में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं.
गर्मियों में फायदेमंद हैं ये फूलों की चाय
मौलश्री की चाय
मौलश्री की चाय बुखार, पुरानी खांसी और त्वचा संबंधी समस्याओं में लाभकारी मानी जाती है. यह मानसिक तनाव कम करने में भी मदद करती है.
कमल की चाय
कमल की चाय शरीर को ठंडक देती है. यह गर्मी में जलन, ज्यादा प्यास और बेचैनी से राहत दिलाती है. साथ ही मन को शांत रखकर अच्छी नींद लाने में मदद करती है.
गुड़हल की चाय
गुड़हल की चाय विटामिन-सी से भरपूर होती है. यह ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने, इम्युनिटी मजबूत करने और त्वचा को ग्लोइंग बनाने में मददगार मानी जाती है.
गुलाब की चाय
गुलाब की चाय मूड को बेहतर बनाती है और तनाव कम करने में असरदार होती है. यह पाचन सुधारने और थकान दूर करने में भी मदद करती है.
पारिजात या हरसिंगार की चाय
यह चाय जोड़ों के दर्द, सूजन और सर्दी-जुकाम से राहत देने में उपयोगी मानी जाती है.
कृष्णकमल की चाय
कृष्णकमल की चाय चिंता, तनाव और अनिद्रा की समस्या को कम कर बेहतर नींद लाने में मदद करती है.
लैवेंडर की चाय
लैवेंडर टी रिलैक्सेशन के लिए बेहद लोकप्रिय है. यह शरीर की थकान दूर कर मन को शांत करती है और त्वचा को भी निखारती है.
घर पर कैसे बनाएं फूलों की चाय?
एक कप गर्म पानी लें. उसमें 1-2 चम्मच ताजे या सूखे फूल डालें. 5 से 10 मिनट तक ढककर रखें. फिर छानकर पी लें. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें शहद या नींबू भी मिलाया जा सकता है.
रोजाना सेवन से मिलते हैं कई फायदे
विशेषज्ञों के अनुसार, रोज 1-2 कप फूलों की चाय पीने से शरीर ठंडा रहता है, तनाव कम होता है और दिनभर ताजगी बनी रहती है. यह गर्मी में होने वाली थकान, कमजोरी और इम्यूनिटी की समस्या से बचाने में भी मददगार हो सकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
यदि किसी व्यक्ति को किसी विशेष फूल से एलर्जी है, तो उसका सेवन करने से पहले आयुर्वेद विशेषज्ञ या डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए.





