डोंगरगढ़- भाजपा शासित केंद्र सरकार द्वारा एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर देश की आम जनता, किसानों, मजदूरों, युवाओं एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर महंगाई का नया बोझ डाल दिया गया है। पेट्रोल-डीजल में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि यह साबित करती है कि केंद्र सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी ने कहा कि आज देश का हर वर्ग महंगाई से कराह रहा है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से केवल वाहन चलाना ही महंगा नहीं होता, बल्कि परिवहन लागत बढ़ने के कारण खाद्य सामग्री, सब्जियां, कृषि उपकरण, निर्माण सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ते हैं। इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने “महंगाई कम करने” का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज स्थिति यह है कि जनता पेट्रोल पंपों में लूट महसूस कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने के बावजूद देशवासियों पर लगातार बोझ डालना केंद्र सरकार की जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
विष्णु लोधी ने कहा कि किसान आज सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। डीजल महंगा होने से ट्रैक्टर, सिंचाई पंप, हार्वेस्टर और खेती-किसानी से जुड़े सभी कार्यों की लागत बढ़ गई है। पहले से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों के सामने अब खेती करना और कठिन होता जा रहा है। भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि आम जनता महंगाई की आग में झुलस रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स लगाकर जनता से वसूली क्यों कर रही है? यदि सरकार वास्तव में जनता के हित में काम कर रही है तो तत्काल केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की भाजपा सरकार पेट्रोलियम उत्पादों पर लगाए गए अत्यधिक करों को तत्काल कम करे और महंगाई से राहत दे। साथ ही विष्णु लोधी ने कहा की कांग्रेस पार्टी लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
एक सप्ताह में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जनता में भारी आक्रोश महंगाई पर केंद्र सरकार पूरी तरह विफल — (विष्णु लोधी)
Related articles





