Last Updated:
भारत में चाय हर घर की आदत है, लेकिन कई लोगों के लिए यही आदत पेट की परेशानी बन जाती है. चाय पीने के बाद सीने में जलन, खट्टी डकार या गैस की समस्या होना आम है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं.
चाय पीने के बाद एसिडिटी रेगुलेट करने का तरीका.
चाय में मौजूद कैफीन और टैनिन पेट में गैस्ट्रिक एसिड के स्राव को बढ़ा देते हैं. खासकर जब आप खाली पेट चाय पीते हैं, तो यह पेट की अंदरूनी परत (म्यूकोसा) को इरिटेट कर सकता है. इसी वजह से सीने में जलन, भारीपन और एसिड रिफ्लक्स जैसी समस्या महसूस होती है. अगर आपको चाय पीने के बाद तुरंत एसिडिटी महसूस होती है, तो सबसे आसान उपाय है कि आप एक कप गुनगुना पानी पी लें. गुनगुना पानी पेट में मौजूद अतिरिक्त एसिड को पतला करता है और पाचन तंत्र को शांत करने में मदद करता है. इससे कुछ ही देर में राहत महसूस होने लगती है.
अगर आपको अक्सर चाय से एसिडिटी होती है, तो अपनी आदत में थोड़ा बदलाव करना जरूरी है. चाय पीने से पहले एक गिलास पानी पीना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. इससे पेट में एक तरह की प्रोटेक्टिव लेयर बन जाती है, जो चाय के एसिडिक असर को कम कर देती है. साथ ही, खाली पेट चाय पीने की आदत से बचें. इसके बजाय, हल्का नाश्ता जैसे टोस्ट या फल खाने के बाद चाय पिएं, ताकि पेट पर सीधा असर न पड़े.
चाय में टैनिन की मात्रा बढ़ने से भी दिक्कत
चाय की क्वालिटी और बनाने का तरीका भी एसिडिटी को प्रभावित करता है. बहुत ज्यादा कड़क, देर तक उबली हुई या ज्यादा शक्कर वाली चाय पेट के लिए ज्यादा नुकसानदायक हो सकती है. ज्यादा उबालने से चाय में टैनिन की मात्रा बढ़ जाती है, जो एसिडिटी को ट्रिगर करता है. इसलिए हल्की चाय बनाएं और कोशिश करें कि दिन में 2-3 कप से ज्यादा चाय न पिएं. अगर समस्या ज्यादा है, तो ब्लैक टी की जगह ग्रीन टी या हर्बल टी जैसे विकल्प अपनाना बेहतर हो सकता है, क्योंकि इनमें कैफीन कम होता है और ये पाचन के लिए हल्की होती हैं.
सौंफ चबाने से मिलेगी राहत
कुछ घरेलू उपाय भी एसिडिटी से राहत दिलाने में कारगर होते हैं. सौंफ चबाना पाचन को सुधारता है और पेट की जलन कम करता है. ठंडा दूध पीने से पेट को ठंडक मिलती है और एसिड का असर कम होता है. इसके अलावा, गुड़ का छोटा टुकड़ा खाने से भी एसिडिटी में राहत मिल सकती है, क्योंकि यह पाचन को बेहतर बनाता है. अदरक का छोटा टुकड़ा या अदरक वाली हर्बल टी भी पेट को आराम देती है और गैस बनने से रोकती है.
लाइफस्टाइल का असर भी एसिडिटी पर काफी पड़ता है. बहुत देर तक खाली पेट रहना, ज्यादा तला-भुना खाना, तनाव और नींद की कमी जैसी आदतें एसिडिटी को बढ़ा सकती हैं. इसलिए संतुलित आहार, समय पर खाना और पर्याप्त पानी पीना जरूरी है. अगर आपको रोजाना या बहुत ज्यादा एसिडिटी की समस्या हो रही है, तो यह Acid Reflux का संकेत भी हो सकता है, ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहता है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें





