Last Updated:
Mamdani Kohinoor diamond: न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने किंग चार्ल्स की अमेरिका यात्रा के दौरान बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वे किंग चार्ल्स से कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने की अपील करेंगे. यह बयान ऐसे समय आया है जब किंग चार्ल्स 9/11 हमलों की बरसी के कार्यक्रम में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क पहुंचे हैं. ममदानी ने साफ किया कि वे औपचारिकता से हटकर इस मुद्दे को उठाएंगे. उनका यह बयान उपनिवेशवाद और सांस्कृतिक विरासत को लेकर जारी बहस को फिर से तेज कर सकता है.
न्यूयॉर्क मेयर ममदानी ने किंग चार्ल्स से कोहिनूर हीरा भारत लौटाने की बात कही. (फोटो AP)
नई दिल्ली: न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी अपने बयानों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने ब्रिटेन के किंग चार्ल्स को लेकर बयान दिया है. यह बयान कोहिनूर हीरे से जुड़ा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि वह किंग चार्ल्स से अपील करेंगे कि वे भारत का कोहिनूर हीरा वापस करें. ममदानी का बयान ऐसे समय में आया है जब चार्ल्स अपनी अमेरिका यात्रा पर हैं और 9/11 हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं. ममदानी ने यह भी कहा कि वे किसी तरह का ‘रॉयल ट्रीटमेंट’ नहीं देंगे बल्कि सीधे इस मुद्दे को उठाएंगे. कोहिनूर हीरा सिर्फ एक कीमती रत्न नहीं, बल्कि उपनिवेशवाद की विरासत का प्रतीक भी माना जाता है.
न्यूयॉर्क में किंग चार्ल्स की यात्रा के दौरान एक बयान ने कूटनीतिक माहौल को अचानक चर्चा के केंद्र में ला दिया है.
क्या है पूरा मामला?
- न्यूयॉर्क में किंग चार्ल्स की यात्रा के दौरान एक बयान ने कूटनीतिक माहौल को अचानक चर्चा के केंद्र में ला दिया है. मेयर ममदानी ने कहा कि अगर उन्हें मौका मिला, तो वे कोहिनूर हीरे को भारत को लौटाने की बात जरूर करेंगे. न्यूज एजेंसी AP के अनुसार ममदानी का यह बयान उस समय सामने आया जब उनसे पूछा गया कि वे किंग चार्ल्स से क्या कहेंगे. उन्होंने बिना किसी झिझक के जवाब दिया, ‘अगर मैं उनसे अलग से बात करूं, तो मैं उन्हें कोहिनूर हीरा वापस करने के लिए प्रोत्साहित करूंगा.’ यह बयान सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में तेजी से चर्चा का विषय बन गया है.
- किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला की यह यात्रा मुख्य रूप से 9/11 हमलों की 25वीं बरसी से जुड़े कार्यक्रमों के लिए है. इस दौरान वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में ममदानी भी शामिल होंगे. हालांकि उन्होंने साफ किया कि उस कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ पीड़ितों को सम्मान देना है, लेकिन उनके बयान ने इस यात्रा को एक नया राजनीतिक आयाम दे दिया है.
ममदानी ने ऐसा बयान क्यों दिया?
ममदानी का मानना है कि कोहिनूर हीरा उपनिवेशवाद के दौरान भारत से लिया गया था, इसलिए इसे वापस किया जाना चाहिए. उनका बयान ऐतिहासिक न्याय और सांस्कृतिक अधिकारों की बहस को आगे बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
क्या कोहिनूर वापस किया जा सकता है?
यह मामला काफी जटिल है. ब्रिटेन इसे कानूनी रूप से प्राप्त संपत्ति मानता है, जबकि भारत इसे औपनिवेशिक लूट का प्रतीक मानता है. इस पर कोई आसान समाधान नहीं है और यह अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का संवेदनशील मुद्दा है.
इस बयान का क्या असर हो सकता है?
यह बयान वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक विरासत और उपनिवेशवाद से जुड़े मुद्दों को फिर से चर्चा में ला सकता है. इससे अन्य देशों की मांगों को भी बल मिल सकता है, जो अपने ऐतिहासिक खजाने वापस चाहते हैं.
About the Author

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 4 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें





