Donald Trump Attacked | Kash Patel News | काश पटेल को छोड़कर ट्रंप के सारे अफसर थे टार्गेट, बस एफबीआई चीफ को हमलावर ने क्यों रखा था हिट लिस्ट से बाहर


अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग की कोशिश के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, हमलावर ने हमले से पहले करीब 1000 शब्दों का एक विस्तृत ‘मैनिफेस्टो’ तैयार किया था, जिसमें उसने अपने संभावित निशानों का जिक्र किया था.

इस मामले में आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसने वारदात से ठीक पहले अपने परिवार को यह मैनिफेस्टो भेजा था.

ट्रंप और शीर्ष अधिकारियों को बनाया निशाना

मैनिफेस्टो में आरोपी ने खुद को ‘फ्रेंडली फेडरल एसासिन’ यानी दोस्ताना संघीय हत्यारा बताया और डोनल्ड ट्रंप समेत उनके प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की बात लिखी. हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि उसने काश पटेल को इस लिस्ट से अलग रखा था. एलन ने लिखा, ‘प्रशासनिक अधिकारी ([एफबीआई चीफ काश] पटेल को छोड़कर): वे निशाने पर हैं, जिन्हें सबसे ऊंचे पद से लेकर सबसे निचले पद तक के क्रम में प्राथमिकता दी गई है.’.

अपने मैनिफेस्टो में एलन ने लिखा कि वह आम लोगों को नुकसान पहुंचाने से बचने की कोशिश करेगा. हालांकि, उसने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह किसी को भी नुकसान पहुंचा सकता है.

परिवार को भेजा मैसेज, भाई ने दी पुलिस को सूचना

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपना मैनिफेस्टो परिवार के लोगों को भेजा था. इसे पढ़ने के बाद उसके भाई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एजेंसियां अलर्ट हो गईं.

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास एक शॉटगन, एक पिस्टल और कई चाकू बरामद किए गए. घटना के दौरान उसने अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवानों के साथ गोलीबारी भी की, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया.

कैलिफोर्निया से पहुंचा था वॉशिंगटन

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस इलाके से ट्रेन के जरिए वॉशिंगटन डीसी पहुंचा था. वह पेशे से शिक्षक था और खुद को मैकेनिकल इंजीनियर और कंप्यूटर साइंटिस्ट बताता था.

उसकी बहन ने जांच एजेंसियों को बताया कि वह अक्सर कट्टर और उग्र विचार व्यक्त करता था और दुनिया की समस्याओं को ‘ठीक करने’ के लिए कुछ बड़ा करने की बात करता रहता था.

शनिवार रात वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल के बाहर यह घटना हुई, जहां राष्ट्रपति ट्रंप का कार्यक्रम हो रहा था. सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, जांच एजेंसियां मैनिफेस्टो और आरोपी के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img