Last Updated:
Donald Trump Attack: व्हाइट हाउस की ओर से पत्रकारों के लिए एक डिनर का आयोजन किया गया था, जो तब खौफनाक बन गया, जब वहां एक शख्स हथियारों के साथ पहुंच गया. गनीमत ये रही कि सिक्योरिटी चेकप्वाइंट पर ही उसे पकड़ लिया गया. वॉशिंगटन पुलिस के अंतरिम प्रमुख जेफ्री कैरोल ने बताया कि संदिग्ध होटल का ही एक मेहमान था और उसके कमरे की जांच की जा रही है.
शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक बड़े सुरक्षा खतरे के बाद अचानक व्हाइट हाउस करेस्पॉन्डेट्स डिनर से बाहर ले जाना पड़ा. यह कार्यक्रम वॉशिंगटन हिल्टन में चल रहा था, तभी वहां गोलीबारी की घटना सामने आई. राष्ट्रपति के साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और फर्स्ट लेडी मेलेनिया ट्रंप भी वहां मौजूद थीं.

बताया गया कि एक 31 वर्षीय व्यक्ति, जिसकी पहचान कोल एलन के रूप में हुई है, वो हथियारों से लैस होकर सिक्योरिटी चेक प्वाइंट की ओर बढ़ा. उसके पास शॉटगन, हैंडगन और चाकू थे. पुलिस के मुताबिक वह अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था. उसने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर गोली चलाई, लेकिन एजेंट बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण सुरक्षित बच गया.

घटना के तुरंत बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने तेजी से कार्रवाई की और पूरे परिसर को सुरक्षित कर लिया. संदिग्ध को मौके पर ही काबू कर लिया गया और बाद में जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. पुलिस का कहना है कि फिलहाल हमलावर के मकसद और उसके निशाने के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित व्हाइट हाउस ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि देश में मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की जरूरत है.

सीक्रेट सर्विस के डिप्टी डायरेक्टर मैथ्यू क्विन ने बयान जारी कर कहा कि एक व्यक्ति ने बड़ी त्रासदी फैलाने की कोशिश की, लेकिन एजेंसी की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण उसे तुरंत रोक लिया गया. उन्होंने एजेंटों और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के काम की प्रशंसा की.

इस दौरान सीबीएस न्यूज की की वरिष्ठ संवाददाता और White House Correspondents’ Association की अध्यक्ष वेजिया जियांग राष्ट्रपति ट्रंप के पास बैठी थीं. उन्होंने बताया कि इस घटना के समय उनके मन में सबसे पहले अपने परिवार की चिंता आई, क्योंकि उनकी बेटी, पति और माता-पिता भी वहीं मौजूद थे.

जियांग ने कहा कि यह कार्यक्रम अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र के मूल अधिकारों का जश्न मनाने के लिए होता है, लेकिन इस घटना ने यह भी दिखाया कि ये आजादी कितनी नाजुक हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और लोगों को सार्वजनिक जगहों पर डर महसूस नहीं होना चाहिए.

वॉशिंगटन पुलिस के अंतरिम प्रमुख जेफ्री कैरोल ने बताया कि संदिग्ध होटल का ही एक मेहमान था और उसके कमरे की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस मामले में कोई दूसरा आरोपी शामिल नहीं है.

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले एक शिक्षक रह चुका है और उसे 2024 में टीचर ऑफ द मंथ का पुरस्कार भी मिला था. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह हाल तक उसी नौकरी में था या नहीं. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. (All Photos Credit- AP)





