Last Updated:
1.5 टन AC खरीदने की सोच रहे हैं? जानें 3-स्टार और 5-स्टार AC में कितना अंतर है, किसका बिजली बिल कम आता है, डुअल इन्वर्टर AC कैसे बचाता है पैसे और कौन-सा ऑप्शन आपके बजट के लिए सबसे बेहतर रहेगा.
मार्च महीना खत्म होते-होते सूरज का पारा बढ़ने लगता है और घर-घर में पंखे की हवा के बजाय ठंडक की चाह बढ़ जाती है. बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए आज के समय में Air Conditioner कोई अनोखी की चीज नहीं, बल्कि एक जरूरत बन गया है. खासकर शहरों में एसी के बिना गर्मी बिताना अब लगभग असंभव सा लगने लगा है. हालांकि, नया एसी खरीदते समय खुशी के साथ मन में एक बड़ी चिंता भी रहती है, और वह है बिजली का बिल.

एसी चलाने के बाद हर महीने जेब पर कितना असर पड़ेगा? 3-स्टार एसी बेहतर है या 5-स्टार? इन सवालों के चक्रव्यूह में कई लोग फंस जाते हैं. अगर आप भी इस साल 1.5 टन का एसी खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह आर्थिक गणित समझना आपके लिए फायदेमंद साबित होगा.

1.5 टन एसी क्यों है लोकप्रिय?
भारतीय घरों में इस समय 1.5 टन के एसी की सबसे ज्यादा मांग है. मध्यम आकार के बेडरूम या हॉल के लिए यह एसी कूलिंग के मामले में सबसे बेहतर माना जाता है. हालांकि, इसका बिजली बिल इस बात पर निर्भर करता है कि उसकी स्टार रेटिंग कितनी है. आइए, 5-स्टार एसी का गणित समझते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

5-स्टार रेटिंग वाला एसी शुरुआत में खरीदते समय थोड़ा महंगा लग सकता है, लेकिन लंबे समय में यह पैसों की अच्छी बचत करता है. बिजली की खपत: 5-स्टार 1.5 टन स्प्लिट एसी प्रति घंटे लगभग 840 वॉट (0.8 यूनिट) बिजली की खपत करता है. दिन का खर्च: अगर आप इस एसी को रोजाना औसतन 8 घंटे चलाते हैं, तो यह प्रतिदिन 6.4 यूनिट बिजली खर्च करेगा. मासिक बिल: आपके इलाके में बिजली का रेट अगर प्रति यूनिट 7.50 रुपये है, तो एक दिन का खर्च लगभग 48 रुपये और महीने का बिल करीब 1,500 रुपये तक आ सकता है.

3-स्टार AC: सस्ता लेकिन बिजली बिल ज्यादा? कई लोगों को 3-स्टार एसी किफायती लगता है, लेकिन इसकी बिजली खपत का गणित थोड़ा अलग होता है. बिजली की खपत: 3-स्टार 1.5 टन एसी प्रति घंटे लगभग 1104 वॉट (1.1 यूनिट) बिजली की खपत करता है. दैनिक खर्च: अगर इस एसी को रोजाना 8 घंटे चलाया जाए, तो यह करीब 9 यूनिट बिजली खर्च करता है. मासिक बिल: इसी हिसाब से एक दिन का खर्च लगभग 67.5 रुपये और महीने का बिजली बिल करीब 2,000 रुपये तक पहुंच जाता है.

संक्षेप में तुलना करें तो 5-स्टार एसी इस्तेमाल करने पर आप 3-स्टार एसी की तुलना में हर महीने लगभग 500 रुपये की सीधी बचत कर सकते हैं.

डुअल इन्वर्टर एसी क्या होता है? आजकल बाजार में डुअल इन्वर्टर तकनीक वाले एसी भी उपलब्ध हैं. ये एसी कमरे के तापमान के हिसाब से कंप्रेसर की स्पीड को कम-ज्यादा करते हैं. इससे बिजेली की खपत कम होती है और बिजली बिल में ज्यादा बचत होती है. अगर आपका बजट थोड़ा ज्यादा है, तो डुअल इन्वर्टर एसी खरीदना हमेशा एक बेहतर ऑप्शन साबित हो सकता है.

एसी खरीदते समय केवल मशीन की कीमत ही न देखें, बल्कि उसकी स्टार रेटिंग पर भी ध्यान दें. शुरुआत में थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च करके 5-स्टार एसी लेने पर, आने वाले कई सालों तक आप बिजली के बिल में हजारों रुपये की बचत कर सकते हैं.





