Last Updated:
US News: अमेरिका में 2023 से अब तक 10 वैज्ञानिकों और अधिकारियों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने या मौत के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है. ये सभी संवेदनशील क्षेत्रों जैसे न्यूक्लियर और स्पेस रिसर्च से जुड़े थे. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा है कि डेढ़ हफ्ते में सच्चाई सामने लाई जाएगी.
अमेरिका में वैज्ञानिक हो रहे गायब.
वॉशिंगटन: अमेरिका में अचानक वैज्ञानिक रहस्यमयी तरीके से गायब होने लगे हैं या उनकी मौत के मामले सामने आ रहे हैं. इस पैटर्न ने पूरे अमेरिका की चिंता बढ़ा दी है. साल 2023 से अब तक कम से कम 10 वैज्ञानिक और अधिकारी लापता या मृत पाए गए हैं. सबसे खास बात है कि ये सभी UFO रिसर्च, न्यूक्लियर सिक्योरिटी और डीप स्पेस प्रोजेक्ट्स जैसे बेहद संवेदनशील क्षेत्रों से जुड़े थे. इसके कारण अब एलियन और विदेशी साजिश की अटकलें लग रही हैं. व्हाइट हाउस ने पहली बार बुधवार को इस पर चुप्पी तोड़ी. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने भी कहा है कि अगर ये रिपोर्ट्स सही हैं तो सरकार इसे गंभीरता से लेगी और जांच कराएगी. अब यह मामला इतना गंभीर है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी बोलना पड़ा है.
वैज्ञानिकों के गायब होने पर ट्रंप क्या बोले?
पहली बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है. ट्रंप ने कहा कि यह मामला ‘बहुत गंभीर’ है और सरकार इसकी जांच कर रही है. उन्होंने कहा, ‘मैं अभी इसी पर मीटिंग से निकला हूं. उम्मीद है कि यह सब संयोग होगा, लेकिन हम अगले डेढ़ हफ्ते में सच्चाई जान लेंगे.’
क्या है पूरा मामला?
इन घटनाओं की कड़ी किसी हॉलीवुड थ्रिलर जैसी लग रही है. कई हाई-प्रोफाइल वैज्ञानिक बिना किसी स्पष्ट कारण के गायब हो गए या उनकी मौत हो गई, लेकिन आधिकारिक तौर पर वजह सामने नहीं आई.अभी तक जिनके नाम सामने आए हैं वह ये हैं-
- स्टीवन गार्सिया: न्यू मैक्सिको में काम करने वाले सरकारी कॉन्ट्रैक्टर, अगस्त 2025 में अचानक लापता
- मोनिका रेजा: NASA के जेट प्रोपल्शन लैब की डायरेक्टर, जून 2025 से गायब
- फ्रैंक माइवॉल्ड: NASA से जुड़े वैज्ञानिक, मौत हुई लेकिन कारण सार्वजनिक नहीं
- एंथनी चावेज: लॉस एलामोस नेशनल लैब के कर्मचारी, रहस्यमयी तरीके से गायब
- माइकल डेविड हिक्स: NASA वैज्ञानिक, 2023 में मौत, कारण स्पष्ट नहीं
इन सभी मामलों में एक समानता यह है कि ये लोग अमेरिका के बेहद संवेदनशील रिसर्च और प्रोजेक्ट्स से जुड़े थे.
नई चिंता क्यों बढ़ी?
इस केस ने तब और तूल पकड़ा जब रिटायर्ड एयरफोर्स जनरल विलियम नील मैककैसलैंड भी अचानक गायब हो गए. वह न्यू मैक्सिको में अपने घर से बिना फोन, चाबी या अन्य सामान के निकले और तब से उनका कोई पता नहीं है. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपने साथ सिर्फ एक पिस्तौल ली थी और उनकी पत्नी के मुताबिक ऐसा लग रहा था कि वह ‘खुद को छिपाना चाहते थे.’ मैककैसलैंड पहले एयरफोर्स रिसर्च लैब से जुड़े थे, जिसका नाम UFO और रोसवेल जैसी घटनाओं से भी जोड़ा जाता रहा है.
वैज्ञानिकों का गायब होना कोई साजिश तो नहीं?
इन घटनाओं को लेकर अमेरिका में अब साजिश के कयास भी तेज हो गए हैं. कुछ नेताओं का कहना है कि यह महज संयोग नहीं हो सकता. रिपब्लिकन सांसदों ने FBI जांच की मांग की है और चेतावनी दी है कि इसमें विदेशी ताकतों जैसे चीन, रूस या ईरान का हाथ भी हो सकता है. हालांकि, इस मामले में सरकार की शुरुआती धीमी प्रतिक्रिया को लेकर आलोचना भी हो रही है. लोगों का कहना है कि इन लोगों के पास संवेदनशील जानकारी हैं, जो रूस-चीन के लिए जरूरी हो सकती हैं.
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें





