Last Updated:
Cold Drinks and Sugar: कोल्ड ड्रिंक की एक लीटर वाली बोतल में करीब 100 से 110 ग्राम चीनी हो सकती है. यह करीब 20 से 25 चम्मच चीनी के बराबर है. WHO के अनुसार वयस्कों को एक दिन में 25 से 36 ग्राम से ज्यादा शुगर का सेवन नहीं करना चाहिए. यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स लोगों को कोल्ड ड्रिंक न पीने की सलाह देते हैं. इसका ज्यादा सेवन करने से कई बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. कोल्ड ड्रिंक की जगह नींबू पानी या नारियल पानी बेहतर विकल्प होते हैं.
कोल्ड ड्रिंक्स में चीनी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. इससे परहेज करना चाहिए. (Image – AI)
Sugar Content in Soft Drinks: गर्मियों में कोल्ड ड्रिंक पीना सभी को अच्छा लगता है. ठंडी-ठंडी कोल्ड ड्रिंक पीने से लोगों को गर्मी से निजात मिलती है और वे तरोताजा महसूस करते हैं. प्यास लगते ही कई लोग पानी की जगह सीधे फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक की बोतल निकालकर गटक लेते हैं. क्या आपने कभी सोचा है कि 1 लीटर की एक बोतल में कितनी चीनी होती है? अगर आप इसका सही आंकड़ा जान लेंगे, तो शायद अगली बार इसे पीने से पहले कई बार सोचेंगे. हेल्थ एक्सपर्ट्स लोगों को शुगरी ड्रिंक्स से दूरी बनाने की सलाह देते हैं, क्योंकि इनमें शुगर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. अगर आप लंबे समय तक इसका लगातार सेवन करेंगे, तो इससे कई बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
कोका कोला की वेबसाइट पर भी इस बारे में जानकारी दी गई है. इसके मुताबिक करीब 100 मिलीलीटर कोका कोला में 10.6 ग्राम शुगर होती है. इसके हिसाब से देखें, तो 330 ml की एक केन में करीब 35 ग्राम चीनी होती है. 1 लीटर की बोतल में करीब 106 ग्राम चीनी होती है. अलग-अलग कंपनियों की कोल्ड ड्रिंक में शुगर की मात्रा में थोड़ा बहुत अंतर होता है. हालांकि बहुत बड़ा अंतर नहीं होता है. चीनी को चम्मच के हिसाब से देखें, तो एक चम्मच में करीब 5 ग्राम चीनी आती है. इस लिहाज से कोल्ड ड्रिंक की 330 ml की केन में 35 ग्राम यानी 7 चम्मच चीनी होती है. 1 लीटर की बात करें, तो इसमें करीब 20 से 21 चम्मच चीनी हो सकती है. इसके अलावा भी कोल्ड ड्रिंक्स में कई ऐसी चीजें होती हैं, जिनका ज्यादा सेवन करना नुकसानदेह है.
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) के अनुसार एक वयस्क को दिनभर में 25 से 36 ग्राम करीब 5 से 8 चम्मच से ज्यादा एडेड शुगर नहीं लेनी चाहिए. कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल में सामान्य व्यक्ति की पूरे दिन की जरूरत से कई गुना ज्यादा चीनी होती है. इतनी ज्यादा मात्रा में चीनी का सेवन शरीर पर बुरा असर डालता है. सबसे पहले यह ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ाता है, जिससे इंसुलिन पर दबाव पड़ता है. बार-बार ऐसा होने पर टाइप-2 डायबिटीज का खतरा काफी बढ़ जाता है. इसके अलावा एडेड शुगर शरीर में फैट के रूप में जमा होती जाती है, जिससे मोटापा और पेट की चर्बी बढ़ने लगती है.
कोल्ड ड्रिंक में मौजूद हाई शुगर कंटेंट दांतों के लिए भी खतरनाक होता है. इसमें मौजूद एसिड और चीनी मिलकर दांतों की ऊपरी परत एनेमल को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे कैविटी और दांतों की सड़न की समस्या बढ़ जाती है. बच्चों और किशोरों में इसका असर और भी तेजी से देखा जाता है. इसके अलावा शुगरी ड्रिंक्स आपकी भूख को भी प्रभावित करती हैं. कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद आपको जल्दी भूख लग सकती है, जिससे आप ज्यादा खाना खाते हैं. इससे वजन बढ़ने का खतरा और बढ़ जाता है. कई रिसर्च यह भी बताती हैं कि ज्यादा मीठी ड्रिंक्स का सेवन दिल की बीमारियों और मेटाबॉलिक सिंड्रोम के खतरे को भी बढ़ा सकता है. ऐसे में कोल्ड ड्रिंक में छिपी चीनी आपके स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा बन सकती है. इसलिए बेहतर है कि आप इन ड्रिंक्स का सेवन सीमित करें और उनकी जगह पानी, नारियल पानी या ताजे फलों के जूस जैसे विकल्प अपनाएं.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





