FBI की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल पंजाब का गुरप्रीत सिंह कौन? अमेरिका ने क्यों जारी किया वारंट, जानिए गैंगस्टर की कुंडली


Last Updated:

अमेर‍िकी न्‍याय व‍िभाग के तहत एफबीआई ने पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह को मोस्ट वांटेड की सूची में डाल द‍िया है. उस पर आरोप है क‍ि वह जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का सदस्य है, जो अमेरिका में नशीले पदार्थों की तस्करी करता है. आख‍िर कौन है गुरप्रीत सिंह?

Zoom

FBI की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल पंजाब का गुरप्रीत सिंह कौन? अमेरिका ने क्यों जारी किया वारंट, जानिए गैंगस्टर की कुंडली

अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ने भारत से जुड़े एक और व्यक्ति पर कार्रवाई की है. एफबीआई ने पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह का नाम अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाल दिया है. सीबीआई की ओर से यह जानकारी दी गई.

सीबीआई के अनुसार एफबीआई ने गुरप्रीत सिंह के लिए वारंट जारी किया है. एफबीआई के अनुसार गुरुप्रीत इंटरनेशनल रैकेट चलाने वाले जग्गू भगवानपुरिया नाम के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा है. गैंगस्टरों का यह ग्रुप अमेरिका के कई शहरों में नशीली चीजों की तस्करी करता था और कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट समेत कई जगहों पर सक्रिय था.

बता दें कि गुरप्रीत सिंह उन कई गैंगस्टरों में शामिल है जिन्हें FBI ने अपनी वांटेड की सूची में शामिल किया है. अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने दो भारतीय गैंगस्टरों जग्गू भगवानपुरिया और लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ भी आरोप पत्र दायर किया है और डीओजे चाहता है कि इन दोनों को अमेरिका भेजा जाए (एक्स्ट्राडिट किया जाए).

हाल ही में पंजाब पुलिस ने एक सस्पेंडेड अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा को गिरफ्तार किया था इस अधिकारी के खिलाफ भी अमेरिकी DOJ ने आरोप लगाए थे. वहीं मंगलवार को एफबीआई ने एक और भारतीय अमृतपाल सिंह का नाम मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाल दिया. उस पर आरोप है कि वो वैंकूवर (कनाडा) आधारित रविंदर ढांडा गिरोह से जुड़ा था. ये गिरोह अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में कोकीन और मेथ की बड़ी मात्रा में तस्करी करता था.

कौन है आखिर गुरप्रीत सिंह

बता दें कि गुरप्रीत सिंह भारत में जन्मा इंटरनेशनल गैंगस्टर है. एफबीआई ने उसे 30 जुलाई 2026 को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया है.

गुरप्रीत पर आरोप है कि वो जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का सदस्य है. ये गिरोह पंजाब से शुरू हुआ था और अमेरिका (खासकर कैलिफोर्निया) समेत कई देशों में सक्रिय हो गया. इस पर नशीले पदार्थों की तस्करी, हथियारों का अवैध कारोबार, रंगदारी (जबरन वसूली) और कई संगठित अपराधों के आरोप हैं.

नशे के कारोबार, कब्जे की साजिश और नशीले पदार्थों के डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर 25 जून 2026 को लॉस एंजेलिस की अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. एफबीआई का कहना है कि यह गिरोह रैकेटियरिंग (संगठित अपराध) और बिना लाइसेंस के हथियारों के कारोबार में लिप्त है और इसने अमेरिका के कई शहरों में अपना अवैध कारोबार फैला रखा है.

गुरप्रीत पर कार्रवाई अमेरिकी जांच ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत हुई है. इस अभियान में एफबीआई ने गुरप्रीत के अलावा कई और गैंगस्टरों पर भी शिकंजा कसा है. एफबीआई ने जग्गू भगवानपुरिया (जो भारत में जेल में है), लॉरेंस बिश्नोई और रविंदर ढांडा जैसे गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की है. जग्गू भगवानपुरिया पहले लॉरेंस बिश्नोई का साथी था, बाद में उसका प्रतिद्वंद्वी बन गया और बाद में उसने अपना अलग अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क बना लिया.

About the Author

authorimg

प्रिया गौतमSenior Correspondent

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …

और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img