Last Updated:
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्यू जर्सी वाले गोल्फ क्लब पर हड़कंप मच गया. तीन प्राइवेट विमानों ने वहां के नो-फ्लाई जोन का नियम तोड़ दिया. खतरा देखते ही अमेरिकी वायुसेना के F-16 फाइटर जेट्स तुरंत हरकत में आए. लड़ाकू विमानों ने हवा में ही तीनों प्लेन को घेरकर बाहर खदेड़ दिया. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की वजह से राष्ट्रपति ट्रंप के प्लेन को भी रोकना पड़ा. उनके टेकऑफ में करीब 13 मिनट की देरी हुई. इसके बाद सीक्रेट सर्विस और सेना ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था दोबारा संभाल ली.
ट्रंप के रिजॉर्ट में घुसे 3 प्लेन
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्यू जर्सी स्थित लग्जरी गोल्फ क्लब पर अचानक सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए. वीकेंड के मौके पर बेडमिंस्टर के इस आलीशान रिजॉर्ट के ऊपर लागू सख्त ‘नो-फ्लाई जोन’ की धज्जियां उड़ गईं. एक-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन अनजान निजी प्लेन सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे ट्रंप के करीब पहुंच गए. ऐसा लगा मानो रिजॉर्ट पर कोई बड़ा ‘हवाई हमला’ होने वाला है. खतरे को देखते ही अमेरिकी वायुसेना के गर्जते F-16 फाइटर जेट्स ने उड़ान भरी और आसमान में ही इन विमानों को घेरकर खदेड़ दिया. इस ड्रामे की वजह से खुद राष्ट्रपति ट्रंप के विमान को टेकऑफ करने से रोकना पड़ गया.
F-16 ने खदेड़े 3 जहाज
मामला न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर का है, जहां डोनाल्ड ट्रंप ‘LIV Golf Tournament’ का आनंद लेने और वीकेंड बिताने पहुंचे थे. इसी दौरान नॉर्थ अमेरिकन एयरोस्पेस डिफेंस कमांड को खबर मिली कि कुछ अनजान प्राइवेट जेट उस हवाई क्षेत्र में घूम रहे हैं, जहां उड़ान पर पूरी तरह पाबंदी थी.
बिना देर किए अमेरिकी वायुसेना ने अपने खतरनाक F-16 फाइटर जेट्स को तैनात कर दिया. F-16 जेट्स ने तुरंत दो छोटे सेसना विमानों को हवा में ही घेर लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक लड़ाकू विमान छोटे प्लेन के ठीक बगल में आकर मंडराने लगता है और उसे वापस लौटने की चेतावनी देता है. NORAD के F-16 विमानों ने दोनों प्लेन को सुरक्षित तरीके से नो-फ्लाई जोन से बाहर खदेड़ दिया.
Trump की सिक्योरिटी पर उठे सवाल
अभी सुरक्षा एजेंसियां दो विमानों को खदेड़कर राहत की सांस ले ही रही थीं कि तीसरे विमान ने रेड अलर्ट बजा दिया. ये तीसरा प्लेन ठीक उसी समय सुरक्षा घेरे में दाखिल हुआ, जब राष्ट्रपति ट्रंप शाम करीब 5 बजे वहां से रवाना होने वाले थे.
तीसरे प्लेन की एंट्री होते ही रनवे पर हड़कंप मच गया. सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स, इमरजेंसी SUVs और पुलिस की गाड़ियां तुरंत एक्टिव हो गईं. पूरे रनवे के चारों तरफ सुरक्षा का कड़ा घेरा बना दिया गया. हालांकि, NORAD के दखल से पहले ही तीसरे प्लेन के पायलट ने अपनी गलती महसूस की, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा और वहां से हट गया लेकिन इस ड्रामे के चक्कर में डोनाल्ड ट्रंप का टेकऑफ करीब 13 मिनट के लिए टालना पड़ा और ये जगजाहिर हो गया कि ट्रंप का सुरक्षा घेरा तोड़ना कितना आसान है.




