Last Updated:
Cuba US Drone Attack: अमेरिका के करीब स्थित क्यूबा ने 300 से ज्यादा सैन्य ड्रोन जुटा लिए हैं और कथित तौर पर ग्वांतानामो बे समेत अमेरिकी ठिकानों पर हमले की योजना पर चर्चा कर रहा है. अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, क्यूबा को रूस और ईरान से ड्रोन और सैन्य मदद मिल रही है. CIA प्रमुख ने क्यूबा को चेतावनी दी है. हालांकि अभी तत्काल हमले का खतरा नहीं माना जा रहा.
Cuba US Drone Attack: अमेरिका के पड़ोसी देश क्यूबा को लेकर एक चौंकाने वाली खुफिया रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, क्यूबा ने 300 से ज्यादा सैन्य ड्रोन जुटा लिए हैं और अब वह इनका इस्तेमाल अमेरिका के ग्वांतानामो बे सैन्य अड्डे, अमेरिकी नौसेना के जहाजों और यहां तक कि फ्लोरिडा के की वेस्ट जैसे इलाकों पर हमले के लिए करने की योजना पर चर्चा कर रहा है. एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक यह जानकारी अमेरिकी अधिकारियों को मिली गोपनीय खुफिया रिपोर्ट में सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि क्यूबा अब ड्रोन वॉरफेयर के जरिए अमेरिका के लिए एक उभरता खतरा बन रहा है, खासकर तब जब वहां ईरानी सैन्य सलाहकार भी मौजूद हैं.
क्यों बढ़ी अमेरिका की चिंता?
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा, ‘जब इस तरह की तकनीक हमारे देश के इतनी नजदीक मौजूद हो और इसमें आतंकी संगठनों से लेकर ड्रग कार्टेल, ईरान और रूस जैसे देश शामिल हों, तो यह चिंता का विषय है. यह एक बढ़ता हुआ खतरा है.’ क्यूबा अमेरिका से महज 90 मील (144 किमी) की दूरी पर है, जिससे उसकी गतिविधियां और भी संवेदनशील हो जाती हैं. अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि क्यूबा फिलहाल कोई तात्कालिक हमला करने की योजना नहीं बना रहा है, लेकिन हालात बिगड़ने की स्थिति में ड्रोन वॉरफेयर के विकल्प पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है. हालांकि यह भी कहा गया कि क्यूबा अभी उतना बड़ा सैन्य खतरा नहीं है, जितना 1962 के क्यूबा मिसाइल संकट के समय था.
CIA चीफ की सीधी चेतावनी
इस खतरे के बीच CIA प्रमुख जॉन रैटक्लिफ पिछले सप्ताह खुद क्यूबा पहुंचे और वहां के अधिकारियों को साफ चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि क्यूबा अब अमेरिका के दुश्मनों के लिए ‘प्लेटफॉर्म’ नहीं बन सकता. रैटक्लिफ ने यह भी कहा कि अगर क्यूबा अपने राजनीतिक ढांचे में बदलाव करता है, तो उस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों में राहत मिल सकती है. इसी सप्ताह और सख्त प्रतिबंध क्यूबा पर लागू हो सकते हैं.
रूस-ईरान से मिल रहा ड्रोन सपोर्ट
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, क्यूबा 2023 से रूस और ईरान से अलग-अलग क्षमता वाले हमलावर ड्रोन खरीद रहा है और उन्हें देश के रणनीतिक ठिकानों पर तैनात कर चुका है. हाल ही में क्यूबा ने रूस से और ज्यादा ड्रोन और सैन्य उपकरणों की मांग भी की है. साथ ही, खुफिया इनपुट्स में यह भी सामने आया है कि क्यूबा ईरान से यह सीखने की कोशिश कर रहा है कि उसने अमेरिका के खिलाफ कैसे लंबे समय तक दबाव बनाए रखा.
क्यूबा में रूस और अमेरिका का जासूसी नेटवर्क
क्या कह रहा है क्यूबा?
हालांकि क्यूबा ने ड्रोन रखने से इनकार नहीं किया, लेकिन कहा कि यह उसका ‘आत्मरक्षा का अधिकार’ है. अमेरिका में क्यूबा के दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा, ‘हर देश की तरह क्यूबा को भी बाहरी हमलों से बचाव का अधिकार है. यह अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत सुरक्षित है.’
About the Author

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें





