Last Updated:
नासा ने बताया है 2 अगस्त 2027 को एक बहुत ही खास और ऐतिहासिक पूर्ण सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है. इस खगोलीय घटना के दौरान चंद्रमा सूर्य और पृथ्वी के ठीक बीच में आ जाएगा, जिससे धरती पर अंधेरा छा जाएगा. सबसे दिलचस्प बात यह है कि अपने चरम पर यह सूर्य ग्रहण लगभग 6 मिनट और 23 सेकंड तक बना रहेगा.
आज ही के दिन अगले साल यानी 2 अगस्त 2027 को दुनिया का सबसे लंबा सूर्य-ग्रहण लगेगा. इस सूर्य-ग्रहण में 6 मिनट से अधिक समय तक अंधेरा छाया रहेगा. आज से एक साल बाद ये नजारा देखने को मिलेगा. नासा के मुताबिक, यह पिछले कई दशकों के सबसे लंबे सूर्य ग्रहणों में से एक होगा. साल 2114 तक इससे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण नहीं दिखाई देगा.
पूर्ण सूर्य ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के ठीक बीच में आ जाता है. इससे कुछ मिनटों के लिए दिन में ही अंधेरा छा जाता है. सूर्य पूरी तरह चंद्रमा के पीछे छिप जाता है.
2024 के ग्रहण से भी होगा लंबा
इससे पहले 8 अप्रैल 2024 को लगे पूर्ण सूर्य ग्रहण 4 मिनट 28 सेकंड का था. वहीं, 1991 का ग्रहण 6 मिनट 53 सेकंड तक चला था. लेकिन 2 अगस्त 2027 का ग्रहण 2114 तक आने वाले सभी पूर्ण सूर्य ग्रहणों में सबसे लंबा माना जा रहा है.
किन देशों में दिखेगा यह अद्भुत नजारा?
यह दुर्लभ सूर्य ग्रहण अफ्रीका, यूरोप और मिडिल ईस्ट के कई देशों में पूरी तरह दिखाई देगा. इनमें स्पेन, जिब्राल्टर, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र, सूडान, सऊदी अरब, यमन और सोमालिया शामिल हैं. इनके अलावा आसपास के कई देशों में आंशिक सूर्य ग्रहण दिखाई देगा.
क्या भारत या अमेरिका में दिखेगा?
अमेरिका में यह ग्रहण लगभग दिखाई नहीं देगा. भारत उन देशों की सूची में शामिल नहीं है जहां यह पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा. केवल कुछ राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह कुछ मिनटों के लिए आंशिक सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा.
इससे पहले 2026 में भी लगेगा पूर्ण सूर्य ग्रहण
हालांकि 2027 का ग्रहण सबसे खास माना जा रहा है. लेकिन इससे पहले 12 अगस्त 2026 को भी पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा. यह ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन, रूस और पुर्तगाल के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा.
खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए 2026 और 2027 दोनों साल बेहद खास रहने वाले हैं. लेकिन 2 अगस्त 2027 का सूर्य ग्रहण समय के हिसाब से सबसे लंबा और शानदार दृश्य के कारण इतिहास के सबसे यादगार ग्रहणों में गिना जाएगा.




