नेपाली सेना को बड़ी संख्या में तैनात किया गया
इस बीच, आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने ने हिंदू और मुस्लिम धार्मिक नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में शांति बहाल करने के उपायों पर चर्चा हुई। लामिछाने के साथ हुई बैठक के बाद विभिन्न धार्मिक संगठनों के नेताओं ने संयुक्त अपील जारी की। उन्होंने लोगों से शांत रहने और किसी भी तरह की भड़काऊ या नफरत फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। साथ ही, कहा कि ऐसे किसी भी काम से बचना चाहिए जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता हो।
द काठमांडू पोस्ट के अनुसार, सुनसरी में झगड़े के बाद शुरू हुआ सांप्रदायिक तनाव तराई के कई जिलों में फैल गया है। चार जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने गुरुवार रात से सुनसरी, सप्तरी, सिराहा और धनुषा में कर्फ्यू लगा दिया। वहीं, पूर्वी जिले सुनसरी से हिंसा फैलने पर परसा में रोक लगा दी गई है। अशांति को रोकने के लिए नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाली आर्मी को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। नेपाली सेना को कर्फ्यू लागू करते समय जरूरत पड़ने पर लाइव एम्युनिशन इस्तेमाल करने की भी इजाजत दी गई है।




