Last Updated:
ईरान को लेकर बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई की चर्चाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान सुर्खियों में चल रहा है.
जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें जालिम या तानाशाह कहो पर बेवकूफ नहीं. उन्हाेंने कॉग्निटिव टेस्ट पास करने का दावा किया है.
न्यूयॉर्क में एक रैली के दौरान ट्रंप ने अपने विरोधियों पर पलटवार कर जवाब दिया.
नई दिल्ली. ईरान को लेकर बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई की चर्चाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान सुर्खियों में है. न्यूयॉर्क में एक रैली के दौरान ट्रंप ने अपने विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें ‘तानाशाह’ या ‘जालिम’ कहा जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन उन्हें ‘बेवकूफ’ कहना बिल्कुल मंजूर नहीं है.
दरअसल, रैली में ट्रंप महंगाई और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर बोल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य और बुद्धिमत्ता को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया दी. ट्रंप ने कहा, ‘उन्होंने मेरे बारे में सबसे खराब बात कही कि मैं बेवकूफ हूं.’ इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह ‘ब्रिलियंट तानाशाह’ कहलाना पसंद करेंगे, लेकिन ‘बेवकूफ’ नहीं.
79 साल के ट्रंप ने दावा किया कि आलोचनाओं के बाद उन्होंने अपने डॉक्टर से पूछा कि क्या मानसिक क्षमता जांचने के लिए कोई टेस्ट होता है. उनके अनुसार डॉक्टर ने उन्हें एक कॉग्निटिव टेस्ट देने की सलाह दी. ट्रंप ने बताया कि टेस्ट में पहले आसान सवाल पूछे गए, जैसे चीजों और जानवरों की पहचान करना, जबकि बाद में गणित के कठिन सवाल दिए गए. उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी सवालों के सही जवाब दिए और इससे साबित होता है कि वह पूरी तरह मानसिक रूप से फिट हैं.
ट्रंप के इस बयान के बाद एक बार फिर मॉन्ट्रियल कॉग्निटिव असेसमेंट टेस्ट चर्चा में आ गया है. यह टेस्ट आमतौर पर याददाश्त और मानसिक क्षमता की जांच के लिए किया जाता है. ट्रंप पहले भी कई बार सार्वजनिक मंच से दावा कर चुके हैं कि उन्होंने ऐसे टेस्ट पास किए हैं. हालांकि कुछ मेडिकल विशेषज्ञों ने कम समय में बार-बार ऐसे टेस्ट कराने पर सवाल उठाए हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार कॉग्निटिव टेस्ट की जरूरत पड़ना कई तरह की आशंकाएं पैदा कर सकता है. हालांकि ट्रंप की मानसिक स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. अमेरिका में इस समय वरिष्ठ नेताओं की उम्र और मानसिक फिटनेस को लेकर बहस तेज है.





